Watch Video : ‘सुक्खू ने कांग्रेस को कमजोर करने का रचा षड्यंत्र, NSUI जलाएगी पुतले’

Thursday, Feb 08, 2018 - 08:52 PM (IST)

शिमला/ऊना: कांग्रेस पार्टी से निष्कासन को लेकर एन.एस.यू.आई. के निष्कासित प्रदेशाध्यक्ष करुण शर्मा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत राज्य कांग्रेस के अध्यक्ष एक गुट विशेष की कांग्रेस बनाकर काम कर रहे हैं और कांग्रेस को ही कमजोर करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सुक्खू कांग्रेस की नहीं बल्कि भाजपा की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द निष्कासनों को रद्द नहीं किया गया तो एन.एस.यू.आई. के बैनर तले सुक्खू के पुतले जलाने से भी परहेज नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस को बचाना है तो सुक्खू को हटाना होगा
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि यदि कांग्रेस को मजबूत करना है तो सुखविंदर सुक्खू  को अध्यक्ष पद से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस को बचाना है तो सुक्खू को अध्यक्ष पद से हटाना है अभियान शुरू करने से भी परहेज नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र व राजनीतिक तौर पर सैकेंड लाइन के कार्यकर्ताओं को खत्म करने के लिए यह निष्कासन किए गए हैं, जिन्हें कभी भी स्वीकार नहीं किया जा सकता। 

...तो वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में बन सकती थी कांग्रेस की सरकार 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में बन सकती थी यदि सुक्खू गुटबाजी को बढ़ावा न देते और हर विधानसभा क्षेत्र में गुटबाजी पैदा न करते तो आज परिणाम कुछ और होता तथा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार रिपीट होती। करुण शर्मा ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए पूरी मेहनत के साथ काम किया है और एन.एस.यू.आई. में राज्यभर में कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने के लिए यथासंभव कार्यकर्ताओं ने काम किया है।