सुखना और हुसैन सागर की तर्ज पर न्यूगल खड्ड में बनेगी झील

Thursday, Sep 20, 2018 - 03:38 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): चंडीगढ़ की सुखना झील और हैदराबाद की हुसैन सागर झील की तर्ज पर न्यूगल खड्ड में झील बनाने के लिए स्वयंसेवी संस्था के प्रयासों को पंख लगते दिख रहे हैं। पयर्टन विभाग ने स्वयंसेवी संस्था इंसाफ को राजस्व अभिलेख के साथ इस परियोजना की डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट जमा करवाने बारे पत्र लिखा है। कुछ समय पूर्व इंसाफ  संस्था के प्रतिनिधि उपनिदेशक पर्यटन कांगड़ा मधु चौधरी से मिले थे। उन्होंने उपनिदेशक पर्यटन का ध्यान पालमपुर-डाढ राष्ट्रीय राज्यमार्ग सड़क के मध्य मैंझा-लटवाला चौक पुल से लेकर सौरभ वन विहार तक न्यूगल नदी का चंडीगढ़ की सुखना झील और हैदराबाद की हुसैन सागर झील की तर्ज पर इस स्थल का ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में संवारने का आग्रह किया था। इसी के पश्चात विभाग ने संस्था से संपूर्ण परियोजना रिपोर्ट मांगी है। 

उधर, संस्था ने इस प्रस्तावना को ए.डी.बी.पी. में शामिल करवाने का आग्रह सांसद शांता कुमार से भी किया है। इसी कड़ी में  संस्था से जुड़े तकनीकी प्रतिनिधियों ने सांसद शांता कुमार को परियोजना की डी.पी.आर. से अवगत करवाया है। संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रकृति के अपार सौन्दर्य से भरपूर इस स्थल को पर्यटन की दृष्टि से संवारने के लिए संस्था द्वारा डी.पी.आर तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि उपनिदेशक पर्यटन ने भी पत्र लिखकर राजस्व अभिलेख के साथ डिटेल प्रोजैक्ट रिपोर्ट जमा करवाने को कहा है। उन्होंने बताया कि इस सारे प्रोजैक्ट का खाका सांसद शांता कुमार के समक्ष भी रखा गया है। उन्होंने बताया कि इंसाफ  संस्था के तकनीकी अधिकारियों द्वारा तैयार की गई इस प्रोजैक्ट रिपोर्ट पर शांता कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

Ekta