जब महिला ने खुद को लगाई आग, कहा जीवन से तंग हूं, जीना नहीं चाहती

Monday, Aug 12, 2019 - 09:39 PM (IST)

सुजानपुर, (अश्विनी): सुजानपुर पुलिस थाना के तहत सोमवार सुबह ही एक महिला ने जिंदगी से परेशान होकर खुद को आग लगा ली। आग से महिला का आधे से ज्यादा शरीर झुलस चुका है जिसका टांडा अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस को दिए बयान में महिला ने बस यही बताया है कि वह अपनी जिंदगी से तंग आ गई है और अब जीना नहीं चाहती, इसलिए वह अपने शरीर को आग के हवाले कर रही है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत खनोली के गांव महेशक्वाल की मनीता कुमारी (32) पत्नी प्रवीण कुमार ने खुद को आग लगा ली। घायलावस्था में उसे प्रात: सुजानपुर सिविल अस्पताल लाया गया। वहां पर अग्नि पीड़िता को प्राथमिक उपचार दिया गया परंतु आग से शरीर का आधे से ज्यादा का हिस्सा जल जाने के कारण नाजुक हालत देखते हुए उसे टांडा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया गया। पीड़िता के तीन बच्चे हैं, जिनमें से 2 लड़कियां व एक लड़का है। आग लगने की वजह पर पीड़िता ने कहा कि उसने आग खुद लगाई है, वह अपनी जिंदगी से तंग है तथा जीना नहीं चाहती।

महिला को प्रथम उपचार देने के बाद टांडा रैफर किया गया

प्रत्यक्षदर्शी पीड़िता की देवरानी के अनुसार सुबह साढ़े 6 बजे के करीब उनके कमरे में आग लगी थी, जब वह घटनास्थल पर पहुंची तो मनीता कुमारी को आग लगी थी तथा उसका पति आग को बुझा रहा था। पीड़िता को जल्द सुजानपुर सिविल अस्पताल लाया गया परंतु आग बुझाते-बुझाते पीड़िता के पति के हाथ व पांव भी आग की चपेट में आ गए, जिससे बह भी झुलस गया। डाक्टरों के अनुसार आग लग जाने से झुलसी महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसके चलते उसे प्रथम उपचार देने के बाद टांडा रैफर किया गया। पुलिस ए.एस.आई. राकेश कुमार ने कहा कि सोमवार को प्रात: करीब 7 बजे सिविल अस्पताल सुजानपुर से घटना संबंधित सूचना थाना पहुंची थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने आग लगाने का कोई कारण नहीं बताया है। उसने खुद आग लगाई है, ऐसा उसने बयान दिया है। उसकी देवरानी के बयान भी कलमबद्ध किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आग लगने के कारण की छानबीन कर रही है।

Kuldeep