अपनी हार पचा नहीं पा रहे सुजानपुर के पूर्व विधायक, अब बस सीएम को कोसना ही काम : कैप्टन रणजीत सिंह

punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 12:05 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव): सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर निशाना साधा है। कैप्टन रणजीत सिंह ने प्रैसवार्ता करते हुए कहा कि सुजानपुर के पूर्व विधायक अपनी हार को पचा नहीं पा रहे और बौखलाहट में हैं। उन्होंने कहा कि जब पूर्व विधायक कांग्रेस में थे तो वह भाजपा के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री पर जमकर निशाने साधते थे। उन्होंने कहा कि आज जब पूर्व विधायक अपने स्वार्थ के लिए भाजपा में हैं तो कांग्रेस के नेताओं और मुख्यमंत्री पर निशाने साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक का अब एक ही काम है मुख्यमंत्री को कोसना, लेकिन जनता उनके स्वार्थ को जानती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के जैसा कोई नहीं है। आज उनकी योजनाओं, ईमानदारी व कार्यों की प्रशंसा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के निर्णयों की प्रसंशा पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी कर चुके हैं। 

सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा 
कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग को मंजूरी मिल गई है तथा निर्माण कार्य भी शुरू होने वाला है। 2 महीने के भीतर मानव परिंदे यहां उड़ते हुए नजर आएंगे जो पर्यटन एवं रोजगार की दृष्टि से सुजानपुर के लिए मील का पत्थर होगा। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर का भी यही सपना है कि सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग से पर्यटन को बढ़ावा मिले और उनके इस सपने को भी सुजानपुर की जनता की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार अमलीजामा पहना रही है। वहीं सुजानपुर के पूर्व विधायक को सुजानपुर का विकास रास नहीं आ रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News