सुजानपुर में चल रहा अदला-बदली का खेल: राजेंद्र राणा

Tuesday, Jul 03, 2018 - 02:38 PM (IST)

सुजानपुर (अश्विनी): भाजपा को सुजानपुर में वोट न मिलने पर अब अदला-बदली का खेल चल रहा है। बेलदार से लेकर चौकीदार तक के छोटे-छोटे कर्मचारियों को तबादले के नाम पर तंग किया जा रहा है। यह बात कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने हमीरपुर सर्किट हाऊस में आयोजित प्रैस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में भाजपा को मिली हार के बाद आम लोगों को तंग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वकल्याणकारी संस्था द्वारा अब तक 34 मैडीकल कैंप लगाए गए। उस पैटर्न पर अगर किसी पार्टी के लोग काम कर रहे हैं तो वह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विस क्षेत्र में छोटे वर्ग के लोगों को तंग किया जा रहा है। 


वोट किसको देना है यह व्यक्ति का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नौकरशाही पर कोई पकड़ नहीं है। अधिकारियों की लापरवाही से लोगों को गंदा पानी पिलाया जा रहा है। शिकायत के बावजूद अधिकारी एक्शन नहीं लेते। उन्होंने कहा कि आई.पी.एच. के अधिकारी बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह से कहा कि वह बेलगाम अधिकारियों पर लगाम कसें। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर में स्वीकृत कामों को लटकाया जा रहा है। सुजानपुर विस क्षेत्र में 11 चिकित्सकों के पद खाली पड़े थे। इसके बारे में सी.एम. व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा गया।


सुजानपुर के लिए 2 डाक्टर भेज दिए गए हैं। सरकार ने मांग को गंभीरता से लिया। सरकार शेष डॉक्टरों को भी शीघ्र भेजे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में 2 डायलिसिस मशीनें दान में दी गईं लेकिन इनके लिए सरकार तकनीशियन तक नहीं दे पाई। सरकार ने 6 माह में सुजानपुर में कोई नया काम शुरू नहीं किया। भाजपा को 2019 में परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। इस मौके पर खुशहाल जगोता एवं जोगिंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।
 

Ekta