राजेंद्र राणा के लिए जनता व उनके काम ही असली दौलत, पैसों की खनक व चमक BJP के लोग जानें : कांग्रेस

Friday, Jun 18, 2021 - 06:30 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूराे): एडवाेकेट नरेश जसवाल के भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में आने से छटपटाए भाजपा के छुटभैया ठेकेदार नेताओं को कांग्रेस पदाधिकारियों ने सलाह दी है कि विधायक राजेंद्र राणा की चिंता छोड़कर अपने आकाओं के बारे में सोचें, जो न जनता के हुए और न ही अपनी पार्टी से वफादारी कर पाए। जारी प्रैस विज्ञप्ति में सुजानपुर ब्लाॅक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, उपाध्यक्ष लेखराज ठाकुर व महासचिव डाॅ. अशोक राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सलाह दी कि भाजपा के लोग व्यक्ति विशेष परिवार की परिक्रमा करने की बजाय जनता के दुख-दर्द भी सांझा करें। ठेकेदारी चमकाने के लिए चमचागिरी से कुछ नहीं होगा।

भाजपा में अपने स्वार्थ ही सबके लिए बड़े

उन्होंने कहा कि भाजपा के चंद छुटभैया नेताओं को अपनी दुकानदारी चलाने के लिए दूसरों की गोद में बैठकर बुदबुदाने की आदत हो गई है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार को सत्ता संभाले 4 साल होने आए हैं लेकिन मुख्यमंत्री को अब तक ये अपना नेता नहीं मान रहे हैं तथा पार्टी से ऊपर उठकर अपने स्वार्थ में अंधे होकर एक परिवार विशेष की जय-जयकार कर ठेकेदारी चमका रहे हैं। अब जबकि भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से भी संशय हट गया है तथा भाजपा हाईकमान ने भी जयराम ठाकुर को भाजपा चेहरा घोषित कर दिया है, उससे इनकी हालत बिना पानी के तड़पती मछली जैसी हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी से पहले की पार्टी है, जिसमें न तो कोई बड़ा है और न ही छोटा है लेकिन धन्नासेठों की छांव में पलकर बड़ी हुई भाजपा में अपने स्वार्थ ही सबके लिए बड़े हैं‌। यही कारण है कि ईमानदार व सच्चे कार्यकर्ता घुटन से बाहर निकलकर नि:स्वार्थ भाव से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं।

भाजपा पदाधिकारियों काे विकास कार्यों के रिबन काटने से भी परेशानी

उन्होंने कहा कि धैल-नागलंबर सड़क विधायक राजेंद्र राणा का ड्रीम प्रोजैक्ट था, जिसके लिए पहले डीसी हैड से 7 लाख रुपए व बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से 2.47 करोड़ रुपए स्वीकृत करवाए थे। अब यह बात भी भाजपा पदाधिकारियों के गले से नीचे नहीं उतर रही है। राणा अपने पैसों से मास्क, सैनिटाइजर व आक्सीजन कंसन्ट्रेटर आदि दे रहे हैं तो यह बात भी भाजपा के लोगों को चुभती है। विकास कार्यों के रिबन काटने से भी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि स्वार्थ की भी हद होती है लेकिन भाजपा पदाधिकारियों का इतने निम्न स्तर तक गिर जाना उनके लिए ही घातक व खतरनाक है।

राजनीति में लाख से अरबपति कौन बने, भलीभांति जानती है जनता

उन्होंने कहा कि विधायक राजेंद्र राणा अपनी मेहनत व जनता के स्नेह से हर किसी के दिल में बसते हैं तथा अरबपति वो होता है जोकि बिना भेदभाव के लोगों के काम करने को हर समय तत्पर रहता हो। ये सारे गुण विधायक राजेंद्र राणा में हैं। राजनीति में आकर लाख से अरबपति कौन बने हैं, यह प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग समझ लें कि जनता द्वारा चुने प्रतिनिधि की असली दौलत व ताकत जनता ही होती है तथा वर्ष 2017 के विस चुनाव में इन लोगों को जनता ने आईना भी दिखा दिया है।

Content Writer

Vijay