राजेंद्र राणा के होर्डिंग्स फाड़ने पर सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस मुखर, अनुराग पर साधा निशाना

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2020 - 05:37 PM (IST)

सुजानपुर (ब्यूरो): होली महोत्सव के अवसर पर यहां आने वाले लोगों के स्वागत के लिए लगाए गए सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के होर्डिंग्स फाड़ने का कड़ा संज्ञान लेते हुए सुजानपुर ब्लॉक कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी।

अनुराग के आने से हर जगह क्यों पनप जाते हैं नफरत के बीज

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सेना मैडल कैप्टन ज्योति प्रकाश, जिला कांग्रेस पंचायती राज के संयोजक लेखराज ठाकुर, जिला इंटक अध्यक्ष बुद्धि सिंह व ब्लॉक कांग्रेस एक्स-सर्विसमैन के अध्यक्ष कैप्टन मदन लाल ने जारी प्रैस विज्ञप्ति में सवाल किया कि जहां भी केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर जाते हैं, वहां नफरत के बीज क्यों पनप जाते हैं? दिल्ली में उनके भाषण से कितना नुक्सान उठाना पड़ा, यह पूरी दुनिया ने देखा। अब सुजानपुर में उनके आने से पहले कांग्रसे विधायक के होर्डिंग्स फाड़कर भड़काने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को जोड़ने की बजाय तोड़ने की राजनीति खेली जा रही है।

देवभूमि हिमाचल में ऐसी गुंडागर्दी व दादागिरी नहीं होगी बर्दाश्त

उन्होंने कहा कि अतिथि देवता के समान होते हैं तथा एक जनप्रतिनिधि होने के नाते विधायक राजेंद्र राणा ने अतिथि देवो भव: की परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रदेश व अन्य राज्यों से आने वाले लोगों का स्वागत करना चाहा तो यह बात भी भाजपा के लोगों को चुभ रही है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि जनता ने होर्डिंग्स को फाड़ने वाला शर्मनाक नजारा देखा है तथा ऐसी घटिया सोच से जनता भी विचलित हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसी ओच्छी हरकतें करने वाले लोगों को समझना चाहिए कि यह देवभूमि हिमाचल है तथा यहां ऐसी गुंडागर्दी व दादागिरी कभी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News