Suicide Case : बच्चों की मौत के बाद मां ने भी तोड़ा दम, ससुराल पक्ष पुलिस हिरासत में

Sunday, Sep 09, 2018 - 06:26 PM (IST)

कांगड़ा: खुंडियां थाना के अंतर्गत गत दिवस एक महिला ने ससुराल वालों की प्रताडऩा से तंग आकर अपने 2 बच्चों सहित जहरीला पदार्थ खा लिया था।  इस दौरान बच्चों विशाल (5) व सुमित (7) की कुछ समय बाद ही उपचार के दौरान मौत हो गई थी जबकि महिला ने अर्धरात्री को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार सुबह मृतका के मायका पक्ष से लगभग 50-60 महिलाएं व पुरुष डा. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कालेज टांडा पहुंचे जिनमें काफी रोष था। मृतका रेनू बाला (30) के पिता बोधराज ने बताया कि उनकी बेटी से शनिवार को सुबह पहले 8 बजे बात हुई। उन्होंने बताया कि सुबह ही 8.30 बजे उसने रोते हुए आपनी मां से बात की।

शादी के 3 माह बाद से प्रताडि़त कर रहे थे ससुराल वाले
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी की शादी 9 साल पहले हुई थी और शादी के 3 माह के बाद से उसके शरीर पर सफेद दाग होने के कारण ससुराल वाले उसे प्रताडि़त कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस बारे में 2 बार पंचायत व एक बार पुलिस में समझौता हुआ। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी बेटी को फोन किया तो कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने उसके ससुराल में उसके पड़ोसी को फोन किया। उसने पहले बताया कि घर बंद है और बाद में लगभग सवा 9 बजे फोन कर घटना की जानकारी दी।

पति, सास, ननद, व देवर पुलिस की निगरानी में
पुलिस जांच अधिकारी व थाना प्रभारी जोकि पोस्टमार्टम करवाने आए थे, उन्होंने बताया कि अब मामले में 498ए के साथ धारा 306 को जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि मृतका ने सुसाइड नोट व बयान में पति प्रवीण, सास, ननद व देवर पर प्रताडऩा का आरोप लगाया था। पुलिस ने सभी को अपनी निगरानी में ले लिया है और मृतका की 4 ननदें हैं। अब यह जांच करनी है कि इसमें से कौन-कौन उसे परेशान करतीं थीं। मृतका के पिता व मां सावित्री देवी सहित अन्य सभी परिजनों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।

Vijay