छात्रा रेप हत्याकांड: DGP का ऐलान, दरिंदों का सुराग देने वालों को मिलेगा 1 लाख का इनाम

Wednesday, Jul 12, 2017 - 09:30 AM (IST)

शिमला: कोटखाई के बहुचर्चित छात्रा रेप हत्याकांड मामले में सरकार संजीदा हो गई है। मंगलवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल को अपने आवास होली लॉज में तलब किया। उन्होंने गोयल को जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए। उधर, पुलिस ने दरिंदों का सुराग देने वालों के लिए एक लाख रुपए इनाम देने का ऐलान किया है। यह ऐलान डी.जी.पी. ने किया है। उन्होंने आई.जी. साऊथ रेंज जैड.एच. जैदी को कोटखाई में कैंप करने के निर्देश दिए हैं। जघन्य अपराध की जांच के लिए पुलिस महानिदेशक ने पहले ही एस.आई.टी. गठित की है। अब इसके मुखिया आई.जी. एस.आर. होंगे। पहले उनकी भूमिका निगरानी करने वाली थी। शिमला के एडिशनल एस.पी. भजनदेव नेगी पहले ही मौके पर जांच में जुटे हुए हैं। 


सी.एम. ने दिए आदेश
वीरभद्र सिंह ने छात्रा रेप हत्याकांड में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के सख्त आदेश दिए हैं। उन्होंने डी.जी.पी. को इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केस में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।  


महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी पुलिस
पुलिस महिलाओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। पुलिस नशे के अवैध कारोबार से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। संगीन अपराधों की जांच निर्धारित समयावधि में पूरी होगी। इस सिलसिले में पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने मंगलवार को चारों आई.जी. रेंज के सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जरूरी हिदायतें जारी कीं। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाया जाए। शिमला में ट्रैफिक को रैगुलेट करने की जरूरत है। राज्य के दूसरे हिस्सों में भी इसे रैगुलेट किया जाए। उन्होंने कहा कि जघन्य अपराध घटित होने पर इसकी जांच निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण की जाए।