सशक्त सरकार या घोटालेबाज सरकार, जनता करे तय : रीता धीमान

Sunday, Apr 14, 2019 - 04:17 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): रविवार को भाजपा मंडल इंदौरा का अन्य पिछड़ा वर्ग व अनुसूचित जाति मोर्चा का मंडल का स्तरीय सम्मेलन मुमताज पैलेस सूरजपुर में एस.सी. मोर्चा अध्यक्ष सुनील बंटी व ओ.बी.सी. मोर्चा अध्यक्ष जोगिंद्र पाली की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र की विधायक रीता धीमान बतौर मुख्यातिथि सम्मिलित हुईं। इस मौके पर एस.सी. मोर्चा के जिला अध्यक्ष केवल कृष्ण विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर भाजपा मंडल इंदौरा द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेदकर जयंती भी मनाई गई। इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष घनश्याम सम्बयाल ने कहा कि यह सम्मेलन उक्त मोर्चों के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

पाकिस्तान बनाम भारत है लोकसभा चुनाव

वहीं विधायक रीता धीमान ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव कांग्रेस बनाम भाजपा नहीं बल्कि पाकिस्तान बनाम भारत है। अब यह देश की जनता को तय करना है कि पाकिस्तान की आंख में आंख डालकर बात करने वाला, देश को सशक्त बनाने वाला प्रधानमंत्री चुनना है या घोटालेबाज सरकार को चुनना है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र के लिए जारी योजनाओं व उपलब्धियों को गिनाया, साथ ही कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर विकास कार्यों को पहुंचाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने 15 वर्षों की तुलना में एक वर्ष में दिया इंदौरा क्षेत्र को बजट

उन्होंने कहा कि इतना बजट पिछले 15 वर्षों में इंदौरा क्षेत्र को नहीं मिला, जितना मुख्यमंत्री द्वारा पिछले एक वर्ष में दिया है। उन्होंने इसका भी श्रेय क्षेत्र की जनता को दिया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा 10 हजार करोड़ की राशि प्रदेश को दिए जाने का जिक्र भी किया। इस अवसर पर भाजपा मंडलाध्यक्ष घनश्याम सम्बयाल, महामंत्री अश्विनी शर्मा, कोषाध्यक्ष शामलाल धीमान, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रेणु भंदराल, मंडलाध्यक्ष सृष्टा ठाकुर, प्रवक्ता रजिंद्र विजय, किसान मोर्चा अध्यक्ष परमिंद्र पम्मु सहित 800 एस.सी. व ओ.बी.सी. कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Vijay