HC के डंडे के बाद खत्म हुई हड़ताल, काम पर लौटेंगे एंबुलैंस कर्मचारी

Friday, Aug 10, 2018 - 03:03 PM (IST)

शिमला: हिमाचल हाईकोर्ट की सख्ती के बाद 108 और 102 एंबुलैंस कर्मियों ने हड़ताल को समाप्त कर दिया है। हाईकोर्ट के डंडे के बाद अब हड़ताली कर्मी काम पर लौटने को राजी हो गए हैं। शुक्रवार को इस मामले में कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने कर्मियों की यूनियन के पदाधिकारियों को तलब किया था। शुक्रवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने हड़ताली कर्मियों को ड्यूटी ज्वाइन करने को कहा। कोर्ट ने कहा कि कर्मियों द्वारा ड्यूटी ज्वाइन करने के बाद उनकी बात सुनी जाएगी।

डी.सी. को ज्वाइनिंग रिपोर्ट देंगे कर्मचारी
कोर्ट ने सभी कर्मचारियों को डी.सी. को ज्वाइनिंग रिपोर्ट देने को कहा है। कार्यवाहक सी.जे. संजय करोल और जस्टिस संदीप शर्मा की बैंच ने ये आदेश जारी किए हैं। बता दें कि मांगों को लेकर बीते मई माह में भी एंबुलैंस कर्मी 2 सप्ताह तक हड़ताल पर चले गए थे। एंबुलैंस कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण सिंह ने कहा कि कोर्ट के आदेश की अनुपालना की जाएगी और सभी कर्मी अपनी ड्यूटी ज्वॉइन करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दो दिन में ड्यूटी पर लौट जाएंगे।

Vijay