हिमाचल के ऊना में आवारा कुत्तों का आतंक: छोटी बच्ची पर किया हमला, वीडियो हो रहा वायरल....लोगों में दहशत
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 04:08 PM (IST)
Una News : हिमाचल प्रदेश में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला ऊना जिले से सामने आया है। यहां पर आवारा कुत्तों के एक झुंड ने छोटी बच्ची पर हमला कर दिया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, कुत्ताें द्वारा किए गए हमले में बच्ची के शरीर पर काफी घाव आए हैं।
वीडियो वायरल
वहीं, इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का एक सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बेसहारा कुत्तों के झुंड ने अकेली बच्ची को घेर लिया और करीब 42 सेकंड तक उसे जमीन पर घसीटकर बुरी तरह नोचते रहे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के घरों से स्थानीय लोग बाहर दौड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया।
लोगों में दहशत का माहौल
कुत्तों के इस हमले में मासूम बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हुई है। उसके शरीर के पर काफी घाव आए हैं। घटना के तुरंत बाद घायल बच्ची को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद नीलाघाट निवासी रानी देवी पत्नी गोपाल कृष्ण ने जिला उपायुक्त ऊना को एक शिकायत सौंपी है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने नगर निगम ऊना को शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर तुरंत रोक लगाने और आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

