नालागढ़ में 2 समुदायों में माहौल तनावपूर्ण, शरारती तत्वों ने झोपड़ी को लगाई आग

Thursday, Mar 28, 2019 - 12:12 PM (IST)

बी.बी.एन.: नालागढ़ क्षेत्र में 2 समुदायों में माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस ने वहां पर सुरक्षा बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार उक्त गांव में बुधवार देर शाम किसी बात को लेकर तनाव हो गया और बात इतनी बढ़ गई कि दोनों समुदायों के लोग वहां पर इकट्ठे हो गए। शरारती तत्वों ने वहां पर एक समुदाय की झोपड़ियों के पास पड़ी घास में आग लगा दी। सूचना मिलने के बाद थाना नालागढ़ से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाने के लिए दोनों समुदायों के लोगों को समझाया। पुलिस अधिकारी जब लोगों को समझा रहे थे तो उसी दौरान शरारती तत्वों ने एक पशुशाला की झोपड़ी को आग लगा दी। इससे माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया।

झोंपड़ी में आग लगने से बाकी झोपड़ियों को भी खतरा हो गया था और कई को खाली करवाया गया। एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय के एक युवक पर लड़की का अपहरण करने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर माहौल तनावपूर्ण हुआ कि लड़की को यहां छुपाया गया है। एस.पी. बद्दी रोहित मालपानी व डी.एस.पी. नालागढ़ चमन लाल सहित पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा स्थिति को काबू किया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से 10 महिलाओं व बच्चों को पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। एस.पी. ने बताया कि स्थिति काबू में है व लोगों को समझाया जा रहा है।

Ekta