ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म नहीं हुई तो करोड़ों का सेब हो सकता है बर्बाद

Tuesday, Jul 24, 2018 - 12:08 PM (IST)

शिमला (हेटा): ट्रांसपोर्टरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो करोड़ों का सेब बगीचों में ही सड़ सकता है। हड़ताल को देखते हुए कई बागवानों ने सेब का तुड़ान रोक दिया है। अच्छी बात यह है कि अभी सेब सहित सब्जियों की ढुलाई का काम बिना रोक-टोकचल रहा है लेकिन केंद्र सरकार के रवैये से नाखुश ट्रांसपोर्टर कभी भी सेब व सब्जियों की ढुलाई बंद कर सकते हैं। देश के कई क्षेत्रों में सोमवार को ढुलाई में लगे ट्रकों को आंदोलनरत ट्रांसपोर्टरों ने रोका है। इससे आने वाले कुछ दिनों में हिमाचल का सेब राज्य से बाहर भेजना मुश्किल हो जाएगा। 


इसकी सीधी-सीधी मार बागवानों पर पड़ेगी। फिलहाल बागवानों ने इस आस में तुड़ान रोक रखा है कि जल्द हड़ताल का समाधान निकाल लिया जाएगा। इस कारण मंडियों में भी सेब की बहुत कम खेप पहुंच पा रही है। भट्टाकुफर फल मंडी में सोमवार को स्पर किस्म का सेब अधिकतम 3050 रुपए प्रति पेटी के हिसाब से बिका। इसी तरह रॉयल सेब 2500 रुपए पेटी, टाइडमैन सेब 1300 रुपए तथा नाशपाती भी 2000 रुपए प्रति पेटी के हिसाब से बिकी।

Ekta