पांगी के किलाड़ से चम्बा जा रही HRTC बस पर गिरे पत्थर, एक की मौत

Sunday, Jun 26, 2022 - 09:46 PM (IST)

सलूणी (शक्ति प्रसाद): चंबा-पांगी सड़क मार्ग पर साच पास के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (एचपी 42-2092) पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि 6 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को तीसा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय योगराज पुत्र रघुवीर दियोडा जसौरगढ़ चुराह चंबा के रूप में की गई है। वहीं सूचना मिलतेे ही तीसा पुलिस की टीम दुर्घटनास्थल पहुंचकर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार यह बस जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ से चंबा की ओर आ रही थी। बस जैसे ही साच पास के समीप पहुंची तो पहाड़ी से कई पत्थर बस पर आ गिरे। इस दौरान बस में बैठा योगराज पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया जबकि अन्य 6 लोग घायल हो गए। जिला प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 5 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा एक बोलेरो कैंपर व एक ट्रक भी पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुए हैं।

हादसे में ये हुए घायल
हादसे में मोहन लाल पुत्र जालम निवासी चुराह चंबा, तुलसी राम उर्फ मनी पुत्र अचला निवासी गांव लडणा, विशेष पुत्र विजय कुमार निवासी लुधियाना, नीतू पत्नी टेक चंद निवासी कठवाड़, चरण सिंह पुत्र कर्म सिंह निवासी शरयूंडा थनेईकोठी व नागेश कुमार पुत्र बाल किशन निवासी ओबड़ी चंबा घायल हुए हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay