पहाड़ी से गिरे पत्थर ने ली बेलदार की जान, 4 विदेशी घायल

Wednesday, Jun 21, 2017 - 10:02 PM (IST)

चम्बा: चम्बा जिला के अंतर्गत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर पत्थर गिरने से हुए हादसों में एक बेलदार की मौत हो गई जबकि 4 विदेशी पर्यटकों के घायल होने का समाचार है। पहले मामले में बुधवार सुबह भारी बारिश कि चलते कोलका-भालका मार्ग पर भनेरा के पास मार्ग बंद हो गया था। लो.नि.वि. की टीम मार्ग को खोलने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से महिंद्र कुमार (47) पुत्र चुहड़ू राम निवासी गांव कोलका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बारे में पुलिस चौकी सुल्तानपुर को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी हासिल करने के बाद शव कब्जे में ले लिया। शव का पोस्टमार्टम वीरवार को करवाया जाएगा। मामले की पुष्टि एस.पी. चम्बा विरेंद्र तोमर ने की है। 

पत्थर की चपेट में आकर 4 विदेशी घायल
दूसरे मामले में चम्बा-भरमौर मार्ग पर 4 विदेशी पर्यटक पत्थर की चपेट में आकर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार पोलैंड के रहने वाले एक ही परिवार के 4 पर्यटक बुधवार को टैक्सी ( एचपी.01डी-4300) में सवार होकर धर्मशाला से भरमौर की ओर जा रहे थे। जब वे बकाणी के पास पहुंचे तो अचानक चलती गाड़ी पर पहाड़ से पत्थर गिरने शुरू हो गए, जिसके चलते वे गाड़ी को छोड़कर भागने लगे। इस दौरान महिला मार्था व उसका बेटा पत्थरों की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए तथा 2 अन्यों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को मैडीकल कालेज चम्बा में भर्ती करवाया गया है, जहां से महिला को गंभीर हालत में टांडा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया है।