2 हफ्तों में सुलझी चोरी की गुत्थी, कत्था चोर गिरोह ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

Thursday, Jun 08, 2017 - 09:31 PM (IST)

चिंतपूर्णी: बीते 26 मई को किन्नू में कत्था उद्योग में हुई चोरी के मामले कि गुत्थी को चिंतपूर्णी पुलिस ने सुलझा लिया है। एस.एच.ओ. अमरीक सिंह व उनकी टीम ने लाखों रुपए के कत्था चोर गिरोह के तीनों आरोपियों को रोहड़ू से गिरफ्तार कर लिया है, वहीं कत्थे की 25 पेटियां टैंपो सहित दिल्ली से बरामद कर ली हैं। पुलिस ने 2 सप्ताह में ही इस चोरी के मामले को सुलझा लिया है। आरोपियों की पहचान बृज लाल उर्फ बिंदु पुत्र प्रकाश चंद गांव होली चम्बा, दीपक ठाकुर उर्फ बिल्ला निवासी जुब्बल व राकेश नेगी पुत्र बसंत लाल शिमला रोहड़ू के रूप में हुई है। 

ऐसे दिया था चोरी को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी बृज लाल उर्फ बिंदु ने किन्नू में स्थित कत्था उद्योग में कुछ दिन काम किया और फिर काम छोड़कर अपने गांव चम्बा चला गया। फैक्टरी में कुछ दिन रहने के दौरान उसने फैक्टरी की सारी जानकारी हासिल कर ली थी। गांव जाने के बाद वह वापस अपने साथियों सहित चिंतपूर्णी आया और यहां एक होटल में रुका। इस दौरान उसने कत्था उद्योग के आसपास जाकर साथियों सहित रैकी की। 26 मई की रात को उन्होंने चोरी को अंजाम दिया और टैंपो में 25 पेटियां कत्थे की तैयार माल की लोड कर रोहड़ू होते हुए दिल्ली पहुंचा दीं।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर धरे आरोपी
कत्था उद्योग मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस इस चोरी के मामले को सुलझाने में जुट गई थी। इस दौरान पुलिस एक आरोपी जोकि इस घटना का मास्टर माइंड है, उसके मोबाइल नंबर को लगातार ट्रेस करती रही। लोकेशन का पता चलने पर पुलिस ने रोहड़ू में दबिश देकर उक्त तीनों आरोपियों को दबोच लिया। चोरी हुए माल की कीमत 3 लाख रुपए के करीब थी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एस.पी. ऊना अनुपम शर्मा ने की है।