हॉकी संघ के चुनाव को लेकर स्टोक्स ने अनुराग पर साधा निशाना, जानिए क्या बोलीं

Monday, Apr 02, 2018 - 07:28 PM (IST)

शिमला: हॉकी इंडिया की आजीवन सदस्य व संरक्षक विद्या स्टोक्स ने हिमाचल हॉकी संघ के चुनाव को गैर-कानूनी करार दिया है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मंत्री स्टोक्स ने आरोप लगाया है बीते शुक्रवार को हिमाचल हॉकी संघ के जो चुनाव ऊना में आयोजित हुए थे, वह नियमों के अनुरूप नहीं थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर को हॉकी इंडिया के कायदे-कानूनों का ज्ञान नहीं है तथा वे अपनी मनमर्जी से चुनाव करवा कर हिमाचल हॉकी संघ के अध्यक्ष नहीं बन सकते। स्टोक्स का कहना था कि वह अध्यक्ष पद को कई वर्षों से संभाल रही थीं। चुनाव करवाने के पहले नियमानुसार उनको नोटिस दिया जाना चाहिए था, जो उन्हें नहीं दिया गया। 


खेलों पर गरमा सकती है राजनीति
भारतीय हॉकी को आगे ले जाने में स्टोक्स का अहम योगदान रहा है। वह वर्ष 1984,1988,1995 और 2003 में भारतीय महिला हॉकी संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय खेल गतिविधियों में भी भारत का प्रतिनिधितत्व किया है, ऐसे में स्टोक्स द्वारा हिमाचल हॉकी संघ के चुनाव पर उठाए गए सवाल से एक बार फिर खेलों पर राजनीति गरमा सकती है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को हॉकी इंडिया के समक्ष उठाएंगी। उनका आरोप है कि सांसद अनुराग ने हिमाचल हॉकी का अध्यक्ष पद कब्जाने के लिए आनन-फानन में चुनाव की रस्म अदायगी की। स्टोक्स के अनुसार सांसद अनुराग ने नियमों के विपरीत जाकर अध्यक्ष पद को कब्जाया है और स्वयंभू अध्यक्ष बन गए हैं।


खेलों के सहारे अपनी राजनीति चमकाते आए 
उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर की कोशिश हमेशा ही खेल संघों पर कब्जा करने की रही है। प्रदेश में खेलों के सहारे ही वह अपनी राजनीति चमकाते आ रहे हैं यदि वे अध्यक्ष पर काबिज होना ही चाहते थे तो नियमानुसार चुनाव करवाते। गौर हो कि हिमाचल हॉकी संघ के बीते दिनों ऊना में आयोजित हुए चुनाव में विद्या स्टोक्स की उम्र का हवाला देते हुए, उन्हें संघ के अध्यक्ष पद से हटाकर नई कार्यकारिणी गठित की गई थी। इस पर अब स्टोक्स ने आपत्ति जताते हुए सांसद पर निशाना साधा है।

Vijay