शोभायात्रा के साथ राज्य स्तरीय शूलिनी मेला शुरू, बहन से मिलने गंज बाजार पहुंचीं मां शूलिनी

Friday, Jun 24, 2022 - 07:36 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): सोलन की आराध्य देवी मां शूलिनी की शोभायात्रा के साथ राज्य स्तरीय शूलिनी मेला शुक्रवार को शुरू हो गया। शूलिनी माता शहर में लोगों को दर्शन देने के बाद देर शाम अपनी बहन के घर गंज बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर पहुंचीं। अब मां रविवार रात को वापस अपने मंदिर लौटेंगी। मां शूलिनी हर वर्ष जून महीने में अपनी बहन से मिलने जाती हैं। इसी उपलक्ष्य में शूलिनी मेला मनाया जाता है। माता शूलिनी मेले की शुरूआत पूजा-अर्चना के साथ हुई और इसके बाद पुरानी कचहरी पर स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सहजल ने मां शूलिनी के दर्शन किए। इसके बाद अनेक देवताओं की झांकियों के साथ माता शूलिनी का डोला शहर की ओर रवाना हुआ। हजारों लोगों ने माता शूलिनी के दर्शन किए। मां शूलिनी सेवा समिति द्वारा माता के सिक्के भी लोगों को प्रसाद के तौर पर वितरित किए गए। 

शहर में करीब 50 जगह लगे भंडारे
मां शूलिनी की नगरी मेला शुरू होते ही भंडारों के साथ अन्नपूर्णा बन गई। यहां जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। मेले के पहले दिन शहर में करीब 50 जगह भंडारे लगाए गए। मालरोड पर पुराने बस अड्डे से लेकर पुराने उपायुक्त कार्यालय तक करीब 1 दर्जन भंडारे लगे थे। इसके अलावा अप्पर बाजार, चौक बाजार, पुरानी कचहरी, सर्कुलर रोड, राजगढ़ रोड, सपरून व आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापारियों व विभिन्न संगठनों ने भंडारे लगाए।

शतरंज प्रतियोगिता में 120 खिलाड़ी ले रहे भाग
मेले के शुभारंभ के साथ खेलों का भी आगाज हो गया है। इसमें महिलाओं के लिए कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुरुष वर्ग के लिए भी ओपन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शतरंज प्रतियोगिता भी शुक्रवार को शुरू हुई। प्रतियोगिता में करीब 120 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें करीब 25 खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग प्राप्त हैं। इसमें चंडीगढ़, पटियाला, लुधियाना, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, जालंधर, कुल्लू, मनाली, हमीरपुर, शिमला व अन्य जिलों के खिलाड़ी शामिल हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता स्विस लीग सिस्टम के आधार पर खेली जा रही है। 

ठोडो मैदान में लगीं प्रदर्शनियां 
मेले के प्रथम दिन शुक्रवार को ठोडो मैदान में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। इसमें विभागों द्वारा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लोगों को प्रदान की जा रही है। इस दौरान कृषि विभाग, उद्यान विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नौणी विवि, आईटीआई, विद्युत बोर्ड, सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, एड्स कंट्रोल सोसायटी, बीएसएनएल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शहरी आजीविका मिशन सहित महिलाओं द्वारा हस्तशिल्प की प्रदर्शनियां लगाई गई हैं। फूलों की प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। इसमें चायल के महोग बाग, नौणी, डांगरी, बसाल, जौणाजी सहित विभिन्न क्षेत्रों के फूल उत्पादकों ने हिस्सा लिया।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay