खूंटा गाड़ व बैल पूजन के साथ राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला शुरू

Sunday, Mar 18, 2018 - 12:01 AM (IST)

बिलासपुर: अंग्रेजों के शासनकाल में बैलों की खरीद-फरोख्त के लिए शुरू हुआ बिलासपुर का राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला शनिवार को गोबिंद सागर झील के किनारे स्थित लुहणू मैदान में धूमधाम से शुरू हो गया। इसी के साथ यह नलवाड़ी मेला अपने 127वें वर्ष में प्रवेश कर गया। मेले के शुभारंभ पर सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मैदान में खूंटा गाढ़ कर व बैलों की जोड़ी का पूजन कर मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक वाद्य यंत्रों के मधुर संगीत के मध्य मंदिर से लेकर मेला स्थल लुहणू मैदान तक शोभायात्रा निकाली गई जिसमें में विधायक सहित उनकी पत्नी कमलेश ठाकुर व डी.सी. बिलासपुर विवेक भाटिया व उनकी पत्नी डा. शिखा सहित अन्य महिला अधिकारियों व स्थानीय महिलाओं ने शिरकत की। इस दौरान घुमारवीं विधायक राजेंद्र गर्ग भी विशेष रूप से शोभायात्रा व अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए। 

शोभायात्रा में पहली बार शामिल हुई श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर की झांकी 
बैहरन-झंडूता के भगवान दास व झंडूता के प्रकाश चंद एवं साथियों के ढोल-नगाड़ों की मधुर तान के बीच निकली इस शोभायात्रा में पहली बार श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर की झांकी भी शामिल की गई। इस दौरान मुख्यातिथि ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी रिबन काट कर विधिवत शुभारंभ किया। मेला समिति के अध्यक्ष जिलाधीश बिलासपुर विवेक भाटिया ने हिमाचली टोपी, शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन व स्वागत किया। इस दौरान महिला मंडल कंज्योटा ने स्वच्छता अपनाने की प्रेरणा देने वाला गीत, महिला मंडल साई ब्राह्मणा ने लोकनृत्य व महिला मंडल टेपरा ने अभिनंदन गीत प्रस्तुत किया। 

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
शुभारंभ समारोह में एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश गौतम, हिमाचल हाईकोर्ट के अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव पाल मनहंस, जिला थोक संघ के अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, चमन गुप्ता, नगर पार्षद वंदना, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मनजीत कौर, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष आशीष ढिल्लों, जिला परिषद सदस्य भारतभूषण शर्मा, इंद्र डोगरा, डा. अश्विनी डोगरा, ध्यान सिंह, भाजपा जिला सचिव स्वदेश ठाकुर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऊषा ठाकुर, मोरसिंघी पूर्व पंचायत प्रधान मीना वशिष्ठ, सुरेश चौधरी, एस.डी.एम. सदर प्रियंका वर्मा, जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल, सी.एम.ओ. बिलासपुर वी.के. चौधरी, अधिशासी अभियंता वी.एन. पराशर, नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी के.आर. ठाकुर व  रहमान सहित कई गण्यमान्य लोगों ने भाग लिया।

Punjab Kesari