सुलह में बेसहारा पशुओं की समस्या के लिए आगे आए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय चौहान, परमार को घेरा

punjabkesari.in Saturday, Jan 07, 2023 - 07:15 PM (IST)

परौर (केपी पांजला) : सुलह विधानसभा क्षेत्र में बेसहारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाने के लिए हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संजय चौहान आगे आए हैं। मुख्यमंत्री के करीबी संजय चौहान ने शनिवार को सलोह, अरला और कथियाड़ा गांव का दौरा किया और बेसहारा पशुओं से प्रभावित किसानों से मिले, साथ ही खेतों में हुए नुक्सान का जायजा लिया। बता दें कि अरला गांव में इन दिनों करीब 20 गौवंश को गांववासियों ने बांधकर रखा है। मौके पर लोगों ने बताया कि प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा जिस कारण सुलह विधानसभा क्षेत्र की कई पंचायतों में उपजाऊ भूमि बंजर होती जा रही है। कई पंचायतों में लोग सब्जी उगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे लेकिन बेसहारा गौवंश और जंगली जानवरों की वजह से कृषि करना छोड़ दिया है। वहीं सड़कों पर भी बेसहारा गौवंश की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। आंवला पंचायत के पूर्व प्रधान बाबू राम, पूर्व जिला परिषद सदस्य अमीचंद, हिमाचल कांग्रेस अनुसूचित विभाग के महासचिव रविंद्र कुमार समेत अन्य किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बेसहारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाई जाए।

किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं रहे परमार
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संजय चौहान ने आरोप लगाया कि पूर्व में मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रहे विपिन सिंह परमार लोगों और किसानों की समस्याओं के प्रति बिल्कुल संवेदनशील नहीं थे। उन्होंने किसानों की समस्याओं के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए और न ही कोई प्रावधान किया। उन्होंने कहा कि वे आने वाले समय में इस मुद्दे को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उठाएंगे ।

एसडीएम को दिए तुरंत निपटारे के निर्देश
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संजय चौहान ने सलोह, अरला, कथियाड़ा समेत अन्य जगहों से बेसहारा पशुओं के निजात दिलाने के लिए एस.डी.एम. धीरा और एसडीएम पालमपुर को प्रभावी कदम उठाने के लिए आदेश दिए। बता दें कि इन दिनों परौर, मैंझा, बारी,चन्जेहड़, आरठ समेत कई पंचायतों में लोग बेसहारा पशुओं से परेशान हैं।

विधानसभा में एकमात्र गौसदन भी पैक
सुलह में बेसहारा गौवंश की रोकथाम के लिए विधायक विपिन सिंह परमार ने देवी पंचायत में गौसदन का निमार्ण करवाया है। जहां पर करीब 50 से 60 गऊओं को रखा गया है। पूर्व सरकार ने यहां पर गौ अभ्यारण्य केंद्र खोलने की भी घोषणा की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News