पंजाब की गलती को हिमाचल में नहीं दोहराएगी कांग्रेस : कुलदीप राठौर

punjabkesari.in Saturday, Mar 26, 2022 - 07:45 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस पंजाब की गलतियों को हिमाचल में नहीं दोहराएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में किए प्रयोग का पार्टी को नुक्सान हुआ, उसे हिमाचल में नहीं दोहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली  में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिमाचल के महत्वपूर्ण नेताओं की बैठक बुलाई थी। इस दौरान उन्होंने सभी से भविष्य में एकजुटता से काम करने की अपील की। साथ ही बैठक में अंदेशा जताया गया कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। इसलिए अभी से इसके लिए तैयारियां करने को भी कहा गया। यह बात उन्होंने शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने संगठन में किसी भी तरह के बदलाव से इंकार किया तथा कहा कि बदलाव का प्रचार विरोधी खेमा व भाजपा का आईटी प्रकोष्ठ फैला रहा है ताकि कार्यकर्ताओं में भ्रम बना रहे। वर्तमान टीम के साथ ही आगामी कांग्रेस आगामी चुनावों में उतरेगी। हालांकि नए सदस्यों को इसमें शामिल किया जा सकता है।

5 राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद बढ़े पैट्रोल व डीजल के दाम

राठौर ने आरोप लगाया कि उपचुनावों में करारी हार के बाद केंद्र ने पैट्रोल व डीजल के दाम कम किए थे लेकिन अब 5 राज्यों के चुनावी परिणाम के बाद दाम बढऩे शुरू हो गए हैं तथा पांच दिनों में पैट्रोल व डीजल के दामों में 3.20 रुपए प्रति लीटर की बढ़ौतरी की गई है। घरेलू सिलैंडर के दाम में भी 50 रुपए प्रति सिलैंडर दाम बढ़ाए गए हैं। खाद्य तेल व वस्तुओं के दामों के साथ-साथ 800 किस्म की जीवनरक्षक दवाइयों के भी दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इस दिशा में सरकार कोई भी प्रयास नहीं कर रही है। 

द कश्मीर फाइल्स डाक्यूमैंट्री या फिल्म

राठौर ने चर्चित फिल्म द कश्मीर फाइल्स का प्रधानमंत्री द्वारा प्रचार करने पर सवाल उठाए तथा पूछा कि यह फिल्म है या डाक्यूमैंट्री क्योंकि फिल्म कल्पना पर आधारित होती है व डाक्यूमैंट्री सच्चाई पर। उन्होंने यह भी कहा कि जब कश्मीरी पंडितों का पलायन हुआ था, उस समय केंद्र में जनता दल की सरकार थी, जिसमें भाजपा भी भागीदार थी। इतने साल बाद फिल्म के जरिए देश में साम्प्रदायिकता का माहौल बना रहे हैं जो इस देश के लिए गलत है।

राठौर ने ये भी कहा

  • जीडीपी लगातार गिर रही है व सरकार ने संसाधन जुटाने के लिए कुछ नहीं किया।
  • नगर निगम शिमला के चुनावों में सरकार की खामियों को लाएंगे जनता के समक्ष। 
  • नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस उतारेगी अच्छे उम्मीदवार, जीत के बाद शिमला के खोए हुए गौरव को करेगी बहाल।
  • 5 राज्यों में चुनाव मुद्दों पर आधारित नहीं हुए। यह चुनाव छदम राष्ट्रवाद व सांप्रदायिकता के आधार पर लड़े गए।
  • कांग्रेस की सदस्यता अभियान होगी 31 मार्च को समाप्त, डिजिटल अभियान में आ रही दिक्कत, जल्द किया जाएगा दूर।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News