सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुए गृह युद्ध पर कांग्रेस प्रवक्ता प्रेम कौशल ने ली चुटकी

Saturday, Sep 14, 2019 - 11:25 AM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर) : हमीरपुर में सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुए गृह युद्ध पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी चुटकी ली है। उन्होंने भाजपा और इसकी सरकार में व्याप्त असन्तोष एवं भ्रष्टाचार को जनता के सामने पूरी तरह से उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता ही सरकार के मंत्रियों के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं और सरकारी तंत्र आरोपों की जांच करने की बजाए आरोप लगाने वालों के विरुद्ध ही कार्रवाई कर रहा है। जिससे स्पष्ट होता है कि एक तो सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त है और दूसरा यह कि भाजपा के अंदर सुलग रही विद्रोह तथा असन्तोष की चिंगारी अब पूरी तरह से भड़क चुकी है।

वहीं केंद्र सरकार में अनुराग ठाकुर की मंत्री के रूप में ताजपोशी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की सक्रियता से भी यह एहसास होता है कि अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की राहें कठिन होती जा रही हैं। जयराम ठाकुर लगभग 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण करने के बावजूद अफसरशाही को नियंत्रित कर एक कुशल एवं सुदृढ़ प्रशाशक के रूप में खुद को स्थापित नहीं कर पाए हैं तथा अब वर्तमान परिस्थितियों के चलते उनकी परेशानियां और बढ़ने वाली हैं।

उन्होंने जनमंच कार्यक्रम को रंगमंच करार देते हुए कहा कि जनमंच कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को दूर करने की जगह कर्मचारियों और अधिकारियों को मंत्री सार्वजनिक रूप से अपमानित कर रहे हैं, इन कार्यक्रमों के माध्यम से न्याय ना मिल पाने जनता हताश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व से ही चल रहे प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का नाम बदल कर मंत्रियों को इसमें सम्मलित कर एक राजनीतिक ड्रामे का रूप दे दिया। जिसमें सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है।

Edited By

Simpy Khanna