धरातल पर नहीं दिखते भाजपा के चुनावी वायदे : संजय दत्त

punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 11:06 PM (IST)

मंडी (अनिल): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि भाजपा चुनावी वायदे और घोषणाएं तो करती है, मगर उनका पालन नहीं करती है। धरातल पर वह कहीं नहीं दिखती है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए संजय दत्त ने कहा कि प्रदेश में होने वाले चारों उप चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि 2014 से आज तक चुनावों से कांग्रेस ने बहुत कुछ सीखा है।

बूथ कमेटियों का गठन अब कांग्रेस की प्राथमिकता

उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों का गठन अब कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी। कांग्रेस पार्टी अब चुनाव की घोषणा का इंतजार नहीं करेगी और संगठन की मजबूती और चुनावी प्रबंधन जारी रहेगा, वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार से जवाब मांगा जाएगा। संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस उपचुनाव के बहाने वर्ष 2022 के चुनाव की तैयारी में जुटी है और विधानसभा के चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर कर कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। कांग्रेस के भीतर जारी नेतृत्व की जंग के सवाल पर संजय दत्त ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया को कांग्रेस के बजाय भाजपा के गिरेबान में भी झांकना चाहिए वहां पर सब कुछ अच्छा नहीं है।

सांसद आत्महत्या मामले की जांच क्यों नहीं

संजय दत्त ने कहा कि सांसद रामस्वरूप शर्मा लाखों लोगों के द्वारा चुने हुए सांसद थे। उनकी मौत कैसे हुई यह जानने का हक लोगों को है। अब तो उनके बेटों ने भी जांच की मांग की है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री अपने वायदे से क्यों मुकर रहे हैं। रामस्वरूप शर्मा की मौत के कारणों पर पर्दा क्यों डाला जा रहा है। आखिर ऐसा क्या है जिसे भाजपा छुपाना चाहती है।

जन आशीर्वाद यात्रा का नाम बदलकर रखा जाए जन पश्चाताप यात्रा

उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर की जन आशीर्वाद यात्रा का नाम बदल कर जन पश्चाताप यात्रा रखा जाना चाहिए क्योंकि 2014 से आज तक भाजपा सरकार ने देश की जनता के साथ धोखा किया है। मोदी ने आज तक कोई भी वायदा पूरा नहीं किया है। इसलिए जनता से उन्हें माफी मांगनी चाहिए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव चेतराम व देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News