दूसरे राज्यों के मुकाबले प्रदेश सर्वश्रेष्ठ

Thursday, Nov 16, 2017 - 07:54 PM (IST)

नई दिल्ली: मूलभूत सुविधाओं, बेहतर शिक्षा, और पूर्ण विकास के लिए हिमाचल को दूसरे राज्यों के मुकाबले सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार मिला है। सीएम वीरभद्र सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में इंडिया टुडे समूह के कार्यक्रम में सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हाथों पुरस्कार लिया।  ‘द पॉलीटिक्स ऑफ डेवल्पमेंट माई टर्न एराउंड स्टोरी’ पर वीरभद्र सिंह ने भाषण दिया। उन्होंने कहा, हिमाचल के विकास में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू व हिमाचल निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाईएस परमार का आभार जताया। वीरभद्र सिंह ने कहा कि इन दोनों नेताओं ने प्रदेश को विकसित करने की आधारशिला रखी थी। 

प्रदेश विकास का आदर्श बनकर उभरा
प्रदेश ने 1971 के बाद अपनी विकास यात्रा शुरू की थी और आज यह विकास का आदर्श बनकर उभरा है। आज विकास मानकों में देश के बड़े राज्यों के साथ हिमाचल प्रतिस्पर्धा कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है आज उसी का नजीता है कि राज्य ने यह पुरस्कार हासिल किया है।

प्रदेश में करवाया एक समान विकास
वीरभद्र सिंह ने कहा कि गरीब, दलित, और कमजोर वर्गों की ओर विशेष ध्यान दिया है। हिमाचल ने स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं जैसे प्रमुख क्षेत्रों में शानदार प्रगति हासिल कर ली है। राज्य में पर्याप्त शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा सड़क संपर्क, पर्यटन और उद्योग क्षेत्र भी काफी बढ़ रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पहले दिन से ही समान विकास करने के प्रयास किए हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पंजाब कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी और वीसी फारका मौजूद थे।