थुनाग से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत, CM ने नौनिहालों को पिलाई ''दो बूंद जिंदगी की''

Sunday, Mar 11, 2018 - 01:49 PM (IST)

मंडी (नीरज): सीएम जयराम ठाकुर ने रविवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के थुनाग अस्पताल से राज्य स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग वाले बच्चों को अपने हाथों से दो बूंदें जिंदगी की पिलाई। इस मौके पर जयराम ठाकुर ने कहा कि कुछ देशों को छोड़कर पूरा विश्व पोलिया मुक्त हो गया है और देश में हिमाचल प्रदेश इस दिशा में अग्रणी राज्य बना है।


उन्होंने बताया कि आज चलाए जा रहे पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के दौरान हिमाचल प्रदेश के 6 लाख 72 हजार बच्चों को दो बूंदें जिंदगी की पिलाई जाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हुए हैं। जयराम ने कहा कि स्वस्थ हिमाचल के सपने को साकार किया जा रहा है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। बच्चों को निशुल्क टीकाकरण का लाभ भी दिया जा रहा है।


उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे आज अपने बच्चों को पोलियो की दवाई जरूर पिलाएं और भविष्य में जो भी अभियान स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चले उसमें अपनी भागीदारी जरूर निभाएं। इस मौके पर उनके साथ सांसद राम स्वरूप शर्मा, द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर और जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।