सुर्खियों में सरकारी विभाग के अधिकारी, अधीनस्थ महिला कर्मचारी से की छेड़छाड़

Tuesday, Feb 21, 2017 - 11:27 AM (IST)

हमीरपुर: लोगों के प्रति जवाबदेह जिला के एक जिम्मेदार सरकारी विभाग के अधेड़ अधिकारी इन दिनों अपने अधीनस्थ महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ करने के मामले में सुर्खियों में हैं। इससे पहले भी उक्त अधिकारी अपने अधीनस्थ चतुर्थ श्रेणी पुरुष कर्मचारी को हड़काने के मामले में विवादों में रह चुके हैं, जहां उन्हें अपने कर्मचारी से माफी मांगकर जान छुड़ानी पड़ी थी। मगर इस ताजातरीन मामले में अब अधिकारी बचते नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि विभाग के अधिकारी अपने इस अधिकारी को बचाने की जुगत में भी हैं। 


महिला कर्मचारी को कार्यालय में बुलाकर की अश्लील हरकतें
मामला पिछले सप्ताह वैलेंटाइन डे का है, जब उक्त अधिकारी ने अपने कैबिन में अपने अधीनस्थ एक महिला कर्मचारी को कार्यालय के किसी काम से बुलाया। उसके बाद उसी दिन उक्त महिला कर्मचारी ने अपने इस अधिकारी के खिलाफ उसके साथ अश्लील हरकतें करने और छेड़छाड़ करने की लिखित शिकायत विभाग के मुखिया से कर दी। मामले में शिकायत मिलने के बाद मुखिया भी सन्न रह गए। हालांकि इस मामले में समझौता होने के चक्कर में 2-3 दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, मगर उसके बाद विभाग के मुखिया ने भी मामला विभाग की यौन उत्पीड़न कमेटी को सौंप दिया। सूत्र बताते हैं कि उक्त अधिकारी अब सफाई दे रहे हैं कि उन्होंने महिला कर्मचारी को विभागीय काम को लेकर कोई सुझाव दिए हैं और उसके अलावा उन्होंने कुछ नहीं किया है।  


महिला के पक्ष में उतरी जे.ई. यूनियन
अधेड़ अधिकारी द्वारा अपने अधीनस्थ महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ मामले को लेकर हि.प्र. पी.डब्ल्यू.डी. जे.ई. यूनियन भी महिला कर्मचारी के पक्ष में उतर आई है। सोमवार को यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी विभाग के मुखिया से मुलाकात कर मामले में आरोपी अधिकारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। यूनियन पदाधिकारियों ने दो-टूक चेतावनी दी है कि अगर मामले में ढील बरती गई और उक्त अधिकारी के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में संघर्ष का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।