Khelo India Campaign में बदला उत्तरी भारत का ये पहला Sports Hostel

Friday, Aug 16, 2019 - 06:08 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): बिलासपुर में स्थित उत्तरी भारत का सबसे प्रथम साई स्पोर्ट्स होस्टल केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया अभियान में परिवर्तित किया है। इस बात का खुलासा साई होस्टल बिलासपुर के प्रभारी जयपाल चंदेल ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स होस्टल में वर्ष 1985 से लेकर वर्तमान समय तक 3 खेलों कबड्डी, वॉलीबाल और बॉक्सिंग खेल का खिलाड़ियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है लेकिन इस बार मात्र 2 ही खेलों बॉक्सिंग व कबड्डी की चंडीगढ़ खेल केंद्र से स्वीकृति मिली है।

उन्होंने बताया कि टैलीफोनिकली अधिकारियों को वॉलीबाल के खिलाड़ियों को जम्मू में स्थित स्पोर्ट्स होस्टल में परिवर्तित करने की प्रक्रिया आरम्भ करने के आदेश मिले हैं। उन्होंने बताया कि इस खेल होस्टल का दर्जा अब खेलो इंडिया अभियान के अंतर्गत स्टेट लेवल का होगा। जो स्वीकृति उन्हें चंडीगढ़ खेल केंद्र से प्राप्त हुई है, उसमें कबड्डी के 25 जबकि बॉक्सिंग के 20 खिलाड़ियों की सीटें प्रशिक्षण के लिए भरने के आदेश मिले हैं।

उन्होंने बताया कि अगर कोई संस्था या स्थानीय जनप्रतिनिधि बॉलीबाल खेल का उच्च स्तर का प्रशिक्षक उपलब्ध करवाने की बात लिखित रूप से स्वीकार करते हैं तो इसे वह चंडीगढ़ केंद्र को स्वीकृति के लिए प्रेषित करेंगे, जिस पर चंडीगढ़ केंद्र के प्रभारी सकारात्मक कदम उठाने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश से संबंधित कुछ प्रशिक्षक बाहरी राज्यों में साई खेल संस्था में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जिनकी बिलासपुर में भी सेवाएं ली जा सकती हैं लेकिन यह उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्पोर्ट्स होस्टल से अनेक खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व देश का नाम रोशन कर चुके हैं।

Vijay