मोदी का पुतला जलाने पर पुलिस-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में कहासुनी

Friday, Jan 20, 2017 - 01:35 AM (IST)

धर्मशाला: जिला मुख्यालय धर्मशाला में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने वीरवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने का प्रयास किया लेकिन मौके पर पहले से मौजूद पुलिस टीम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जलाए जाने वाले मोदी के पुतले को छीन लिया। इस दौरान पुलिस व कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं के बीच हल्की कहासुनी भी हो गई, जिसके कारण रैली का माहौल तनावपूर्ण रहा। बता दें कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान एवं जिला कांग्रेस के महासचिव बलवीर चौधरी द्वारा वीरवार को डाक घर धर्मशाला से कचहरी बस अड्डा तक मोदी सरकार की नाकामियों को जनता के समक्ष रखते हुए विरोध-प्रदर्शन कर रैली का आयोजन किया गया था। 

वायदों से मुकरी मोदी सरकार 
धर्मशाला कचहरी बस अड्डे पर पहुंचे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याड़ा पंचायत के पूर्व प्रधान एवं जिला कांग्रेस के महासचिव बलवीर चौधरी ने बताया कि मोदी सरकार अपने वायदों से साफ-साफ मुकर रही है और देश की गरीब जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार द्वारा लोगों को मनरेगा कामगारों के खातों में किए जाने वाले पैसों के भुगतान को लेकर दिलवाए गए आश्वासन केवल झूठे ही साबित हुए हैं। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार अपने कार्य अढ़ाई साल होने पर भी पूरा नहीं कर पाई है। 

बाली को मुख्यमंत्री बनाने बारे लगे नारे
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जी.एस. बाली के मुख्यमंत्री बनने के नारे भी लगाए। बलवीर चौधरी ने बताया कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों की कमान हिमाचल प्रदेश का विकास करने वाले सशक्त व ईमानदार नेता जी.एस. बाली को सौंपी जाए। इस दौरान प्रदेश की कमान जी.एस. बाली को दिए जाने को लेकर राष्ट्रीय कांगे्रस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मांग पत्र भी प्रेषित किया गया।