शार्ट सर्किट की चिंगारी ने जला डाला आशियाना, लाखों का नुक्सान

Thursday, Jun 01, 2017 - 12:44 AM (IST)

अर्की: दूरदराज की ग्राम पंचायत मांगल के भलग गांव में मंगलवार रात को एक मकान में आग लग गई। यह मकान अर्जुन, प्रेम लाल व नरपत राम का संयुक्त मकान था। बताया जा रहा है कि जैसे ही मकान में आग लगी तो उसके साथ लगते धनी राम चौहान के आधे मकान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में मकान में रखा सारा सामान जल गया। सूचना मिलते ही बागा से पुलिस मौके पर पहुंची, वहीं अर्की व बिलासपुर से फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां भी मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया तथा साथ लगते कई मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। 

प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता की लगाई गुहार
डी.एस.पी. नरवीर राठौर ने बताया कि आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। मांगल वार्ड से बी.डी.सी. सदस्य सुरेश ठाकुर ने बताया कि आग से लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई कि प्रभावित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।