हिमाचल की राजधानी के ऊपर फिर मंडराता दिखा स्पेस स्टेशन!

Monday, Dec 18, 2017 - 12:34 AM (IST)

शिमला: हिमाचल की राजधानी शिमला के आसमान में एक बार फिर से एक रहस्यमयी चीज देखी जा रही है। जानकार इसे स्पेस स्टेशन बता रहे हैं। शिमला में यह शाम 5 बजकर 42 मिनट और 7 बजकर 21 मिनट पर देखा गया। यह उत्तर पश्चिम से दक्षिण पूर्व की दिशा की ओर जाते हुए देखा गया। इससे पहले भी इसी साल 3 से 4 बार यह आसमान में देखा जा चुका है। राजधानी के आकाश में खगोल वैज्ञानिकों की सबसे बड़ी अंतरिक्ष प्रयोगशाला इंटरनैशनल स्पेस स्टेशन (आई.एस.एस.) चक्कर काट रहा है। इसमें 5 वैज्ञानिक महीनों से रह रहे हैं और अंतरिक्ष पर तमाम तरह की रोचक जानकारियां जुटा रहे हैं। ये अंतरिक्ष में कई तरह के प्रयोगों को अंजाम देने वाला सबसे बड़ा मानव निर्मित उपग्रह आई.एस.एस. है। इसे अमरीका व रूस समेत 15 देशों की कई बड़ी स्पेस एजैंसियों ने मिलकर तैयार किया है। यह पृथ्वी से 400 किलोमीटर ऊपर चक्कर काट रहा है। इसमें कुछ वैज्ञानिक दिन-रात शोधरत हैं। वे बोन मैरो और घाव जल्दी ठीक करने जैसे विषयों पर शोध कर रहे हैं।