बेटा नहीं उठा रहा था मां का फोन, पड़ोसी ने जाकर देखा तो उड़ गए होश

Thursday, Feb 08, 2018 - 09:58 PM (IST)

सोलन: सोलन में एक 16 वर्षीय किशोर ने अपने घर में मां की शॉल का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जब उक्त किशोर ने यह कदम उठाया तो वह अपने लैपटॉप पर कुछ कार्य कर रहा था। पुलिस ने लैपटॉप को भी कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शहर के सुगंधा अपार्टमैंट में रहने वाले 16 वर्षीय छात्र शिवम ने यह कदम तब उठाया जब उसके माता-पिता अपने कार्यालय में गए हुए थे। मां ने जब उसे फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसकी मां ने अपने पड़ोसी को फोन किया और उसके घर जाकर बेटे से बात करवाने के लिए कहा। इस पर उसका पड़ोसी उनके घर गया तो उसने देखा कि उक्त किशारे फंदे से लटका हुआ था। 

बाथरूम में शॉल से बने फंद पर लटका मिला किशोर
पड़ोसी निखिल ने बताया कि उक्त किशोर की मां उससे बात करने की कोशिश कर रही थी लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। इसके बाद उसकी मां ने उसे फोन किया और उससे बात करवाने के लिए कहा, जिसके बाद उसने घर जाकर दरवाजा खटखटाया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस दौरान उसने घर के पिछले दरवाजे से अंदर जाकर देखा तो उक्त किशोर बाथरूम में शॉल से बने फंदे पर लटका हुआ था। उसने घटना की सूचना तुरंत पुलिस व उसकी माता को दी। इसके बाद किशोर को अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एस.पी. मोहित चावला ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उक्त किशोर ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता लगाया जा रहा है।