16 दिन बाद भी नहीं मिला बेटा, परिवार ने प्रशासन-सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

Wednesday, Sep 20, 2017 - 01:01 AM (IST)

धर्मशाला: कहां है मेरा विशाल पता लगाइए साहब! ये शब्द कांगड़ा के गांव राजल की रहने वाली रक्षा देवी के हैं, जिसका 20 वर्षीय बेटा पिछले 16 दिनों से लापता है। पिछले 16 दिनों से लापता बेटे विशाल खैरा का आज दिन तक पता न चलने के कारण उसके परिजन व राजल के बाशिंदों ने वार्ड पंच सरोज के नेतृत्व में धर्मशाला में प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष प्रकट किया व मंगलवार को डी.सी. कांगड़ा सी.पी. वर्मा को ज्ञापन प्रेषित कर उसे ढूंढने की गुहार लगाई। डी.सी. कांगड़ा को सौंपे गए ज्ञापन में लापता विशाल खैरा के पिता रजिंद्र खैरा ने बताया कि विशाल खैरा मिलिटरी जैक (16) में भर्ती होने के बाद जबलपुर से प्रशिक्षण लेकर 3 सितम्बर को ट्रेन से घर वापस आ रहा था। 

झांसी व ग्वालियार के बीच से लापता हुआ बेटा
उन्होंने बताया कि उनका बेटा 6 महीने की रंगरूटी करने के बाद 3 सितम्बर की शाम 3 बजे 28 दिन की छुट्टी काटने जबल एक्सप्रैस से घर आ रहा था। उसने उसी रात 11 बजे घर फोन किया लेकिन जब हमने फोन करना चाहा तो उसका फोन ही नहीं लगा और न ही वह घर पहुंचा। उन्होंने बताया कि उनका बेटा झांसी व ग्वालियार के बीच से लापता हो गया है। उन्होंने बताया कि हमने इसकी शिकायत कांगड़ा पुलिस स्टेशन में भी की लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई कांगड़ा पुलिस द्वारा नहीं की गई है। 

क्या कहती है पुलिस
डी.सी. कांगड़ा सी.पी. वर्मा ने कहा कि इस मामले से संबंधित सूचना मिलिटरी को भी दे दी गई है और उसके बारे पता करने के लिए एस.पी. कांगड़ा को भी बता दिया गया है। जल्द ही विशाल के बारे में जानकारी प्राप्त कर उसके परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा। वहीं एस.पी. कांगड़ा डा. रमेश छाजटा ने कहा कि कांगड़ा निवासी लापता विशाल खैरा का पुलिस प्रशासन द्वारा पता लगाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। लापता की लास्ट लोकेशन जबलपुर की है, उसके बाद उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। हमने जबलपुर पुलिस प्रशासन को भी इस बारे अवगत करवा दिया है, अब देखना यह है कि कार्रवाई कहां तक पहुंची है।