ससुराल से ड्यूटी के लिए निकला था दामाद, जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश

Sunday, Feb 19, 2017 - 10:06 PM (IST)

दौलतपुर चौक: रविवार सुबह मवा कहोलां के जंगल में एक व्यक्ति की पेड़ से लटकी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 11 बजे के करीब जब ग्राम पंचायत मवा कहोलां की कुछ महिलाएं भंडारे के लिए जा रही थीं तो उन्होंने तिरखाना दी छप्पड़ी नामक स्थान पर पेड़ से लटकी हुई लाश देखी और उसकी सूचना गांव के प्रबुद्ध वर्ग एवं ग्राम पंचायत प्रधान संगीता देवी और उपप्रधान महावीर शर्मा को दी। ग्राम पंचायत प्रधान ने उक्त पेड़ से लटकी हुई लाश की जानकारी पुलिस को दी जिस पर तुरन्त डी.एस.पी. अम्ब जितेंद्र चौधरी, चौकी प्रभारी दौलतपुर चौक राजेंद्र पठानिया अपने दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लिया। 

साली की शादी में शामिल होने आया था रविंद्र
गांव वालों की शिनाख्त पर लाश की पहचान रविंद्र सिंह पुत्र देवराज (36) निवासी पतेहड़ा नैहरियां के रूप में हुई जोकि लुधियाना में एक फैक्टरी में कार्यरत था। शुरूआती जांच में पता चला है कि रविंद्र सिंह का ससुराल इसी गांव में है और 30 जनवरी को वह यहां अपने ससुराल में आया था ताकि 5 फरवरी, 2017 को होने वाली अपनी साली की शादी में हिस्सा ले सके। जानकारी के अनुसार मृतक रविंद्र सिंह 5 फरवरी के बाद हफ्ते में एक-दो रोज यहीं से लुधियाना के लिए अप-डाऊन कर रहा था और गत दिवस भी लुधियाना के लिए निकला था परन्तु उसने रास्ते में ही अपनी इहलीला समाप्त कर ली।