सियाचिन में बर्फीले तूफान का कहर, हिमस्खलन की चपेट में आया हिमाचल का जवान

Tuesday, Nov 19, 2019 - 03:42 PM (IST)

सोलन(नरेश पाल): सोलन जिला का एक जवान सियाचिन में हिमस्खलन की चपेट में आने से शहीद हो गया। जिसकी पहचान जवान मनीष ठाकुर (22) पुत्र राम स्वरूप निवासी गांव दोची, कुनिहार के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि यह जवान दो वर्ष पूर्व ही सेना में भर्ती हुआ था। दो भाइयों में सबसे छोटा मनीष ठाकुर अपने परिवार में सबका लाडला था। जिसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। परिवार को जब उसके शहीद होने की खबर मिली तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शहीद की पार्थिव देह आज हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ पहुंचने की उम्‍मीद है और परिजनों के पास पार्थिव देह बुधवार को ही पहुंच पाएगी।

बताया जा रहा है कि सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार दोपहर बाद भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के आठ जवान व पोर्टर लापता हो गए थे। इनमें से छह की मौत हो गई है। घटना के बाद व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। बर्फ में दबे आठ लोगों को निकालकर हेलीकाप्टर से पास के सैन्य अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें सात की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान छह की मौत हो गई। इनमें चार जवान तथा दो पोर्टर शामिल हैं, जिन्होंने काफी देर तक बर्फ में दबे रहने के कारण दम तोड़ दिया।

kirti