सोलंगनाला पर्यटकों के लिए बहाल, बर्फीली वादियों में मची साहसिक खेलों की धूम

Saturday, Dec 16, 2017 - 08:45 PM (IST)

मनाली: शनिवार सुबह धूप खिलते ही मनाली के बर्फ  से लकदक पहाड़ निखर उठे। 5-6 दिन लगातार बर्फबारी का दौर रहने से अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग में साढ़े 5 फुट से अधिक बर्फ  के ढेर लग गए हैं। अधिक बर्फबारी होने से अभी रोहतांग दर्रे पर कदमताल शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि राहगीरों की सुरक्षा के लिए लाहौल-स्पीति प्रशासन द्वारा स्थापित बचाव चैकियां अभी भी मढ़ी व कोकसर में तैनात हैं लेकिन बर्फ  से लकदक रोहतांग को अभी तक किसी ने भी पैदल पार करने की शुरूआत नहीं की है। धूप खिलने से बर्फ  से लदे पहाड़ सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनने लगे हैं। बर्फबारी के बाद मनाली में सैलानियों की भीड़ बढऩे लगी है। हालांकि अभी सैलानियों का सैलाब नहीं उमड़ा है लेकिन हर दिन सैलानियों की संख्या में बढ़ौतरी हो रही है। ग्रीन टैक्स बैरियर का आंकड़ा भी धीरे-धीरे रफ्तार पकडऩे लगा है। शनिवार सुबह ही पर्यटन स्थल सोलंगनाला में सैलानियों का मेला लग गया। 

पैराग्लाइडिंग व फोटोग्राफी बनी पहली पसंद 
सुबह ही सैंकड़ों वाहनों ने सोलंग में दस्तक दे दी, जिससे कुछ घंटों के लिए ट्रैफिक भी जाम हो गया। सैलानियों ने सोलंगनाला, अंजनी महादेव और फातरू की पहाडिय़ों में बर्फ  की चांदी का आनंद लिया। सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग व फोटोग्राफी सैलानियों की पहली पसंद बनी हुई है जबकि अंजनी महादेव में सैलानी घुड़सवारी का आनंद उठा रहे हैं। पैराग्लाइडर के पायलट शिवा ने बताया कि शनिवार को सैंकड़ों सैलानियों ने सोलंगनाला में दस्तक दी। उन्होंने बताया कि सोलंग की बर्फ  से लदी वादियों में सैलानी पैराग्लाइडिंग का आनंद ले रहे हंै। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन सैलानियों को बेहतर व सुरक्षित पैराग्लाइडिंग करवा रहा है। 

क्या कहते हैं डी.एस.पी. मनाली
उधर, पर्यटन विभाग कुल्लू के उपनिदेशक बी.सी. नेगी ने कहा कि पर्यटन स्थलों में सैलानियों को बेहतर व्यवस्थाएं करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मनाली के डी.एस.पी. पुनीत रघु ने सैलानियों व वाहन चालकों से आग्रह किया कि वे सड़क में वाहन खड़े न कर चिन्हित स्थानों में ही अपने वाहन पार्क करें ताकि ट्रैफिक को सुचारू रखा जा सके।