सोलंगनाला में लगा सैलानियों का मेला, बर्फ का दीदार कर चेहरे पर आई रौनक

Thursday, Dec 21, 2017 - 04:36 PM (IST)

मनाली (सोनू): सर्दियों में सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल मनाली में सैलानियों का मेला लग गया है। सोलंगनाला में बर्फ का दीदार कर सैलानी उत्साहित हो रहे हैं। यहां का अंजनी महादेव सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है। सैलानी घुड़सवारी कर यहां की वादियों में दस्तक दे रहे हैं। उनकी आमद बढ़ने से मनाली के सभी होटलों में रौनक लगी है। क्रिसमस और न्यू ईयर को लेकर भी 22 दिसम्बर से मनाली के अधिकतर होटल पैक बताए जा रहे हैं। पर्यटन निगम के सभी होटलों में भी सैलानियों की ऑक्यूपैंसी बढ़ गई है। बर्फबारी के बाद स्थानीय व्यवसायियों का भी सोलंगनाला में बेहतर कारोबार चल पड़ा है। 


क्या कहते हैं व्यवसायी 
कोट-बूट सहित सैलानियों को कुल्लवी परिधान उपलब्ध करवाने वाली घाटी की महिलाएं भी सैलानियों की आमद बढ़ने से बेहतर कारोबार कर रही हैं। महिला कारोबारी कमलेश और निर्मला ने बताया कि सैलानियों की आमद बढ़ने से उनके कारोबार में बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने बताया कि कुल्लवी परिधान में फोटोग्राफी करना सैलानियों की पहल पसंद बनी हुई है। स्नो स्कूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष भूमि चंद ने बताया कि प्रशासन द्वारा जगह चिन्हित कर देने से उनका भी कारोबार चल पड़ा है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन सैलानियों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रही है। होटल संचालक सुशील, बंसी और रवि ब्यास ने बताया कि 22 दिसंबर से मनाली के होटलों में अच्छी बुकिंग है। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्रिसमस व न्यू ईयर के दौरान कारोबार बेहतर रहेगा। पर्यटन निगम के डी.जी.एम. अरविंद सेन ने बताया कि क्रिसमस और न्यू ईयर ईव के लिए सैलानियों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।