खून से लथपथ मिला युवक का शव, हत्या का मामला दर्ज

Monday, Mar 13, 2023 - 08:59 PM (IST)

सोलन: सोलन के डमरोग रोड के नजदीक एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। खून से लथपथ इस शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। मौके पर एफ.एस.एल. की टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए पहुंची। जांच के दौरान युवकों के बीच मारपीट का एक सी.सी.टी.वी. फुटेज पुलिस के  सामने आया है। जिसके बाद पुलिस हत्या का मामला मान रही है और धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। एस.पी. वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। सी.सी.टी.वी. में मारपीट करते दिखाई दे रहे युवकों की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि एक युवक का शव डमरोग रोड के नजदीक पड़ा हुआ है। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जांच में पाया कि यह शव पारस नामक युवक का है जोकि सोलन के अप्पर सूर्य विहार में रहता था और मूल तौर पर थरोच (चौपाल) का रहने वाला है। इस शव की शिनाख्त युवक की बहन ने की। पुलिस के अनुसार जांच में पाया गया कि रात को करीब 2.30 बजे युवक अपने दोस्तों, बहन व उसकी सहेली के साथ था और कुछ अन्य युवकों के साथ उसकी मारपीट हुई थी। मारपीट की घटना सी.सी.टी.वी. में भी कैद हुई है। पुलिस ने जांच में मारपीट करने वाले युवकों की पहचान कर ली है और ये युवक इसी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एस.पी. वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।

Content Writer

Kuldeep