Solan: रिटायर हो चुके 4 कानूनगो को बनाया नायब तहसीलदार

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 09:21 PM (IST)

सोलन (पाल): राजस्व विभाग ने सोलन जिले में रिटायर हो चुके 4 कानूनगो को नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया है। मजेदार बात यह है कि इन कानूनगो को विभाग से रिटायर हुए 8 से 10 महीने का समय हो चुका है। हालांकि इसे विभागीय चूक भी नहीं माना जा सकता क्योंकि 20 कानूनगो की नायब तहसीलदार के पद पर की पदोन्नति की अधिसूचना में इन 4 कानूनगो की रिटायरमैंट का जिक्र किया गया है। पदोन्नति की प्रक्रिया में हुई देरी के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।

इस तरह का मामला भी पहली बार देखने को मिला है कि किसी कर्मचारी की रिटायरमैंट के बाद पदाेन्नति हुई हो। अब उन्हें नायब तहसीलदार के वित्तीय लाभ मिलेंगे या नहीं, इसको लेकर अब बड़ा यक्ष प्रश्न खड़ा हो गया है। अब इतना जरूर है कि अब वे अपने नाम के साथ रिटायर नायब तहसीलदार के पदनाम का इस्तेमाल कर सकते हैं। यदि पदोन्नति की यह प्रक्रिया एक वर्ष पहले पूरी हो जाती तो शायद उन्हें नायब तहसीलदार के रूप में काम करने का अवसर मिल जाता।

विदित रहे कि राजस्व विभाग ने प्रदेश में 20 कानूनगो को नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नत किया है। इनमें 30 अप्रैल, 2025 को रिटायर कानूनगो के पद से रिटायर हुए प्रेम चंद, 31 मई 2025 को कानूनगो के पद से रिटायर हुए सवरण कुमार, 30 जून 2025 को कानूनगो के पद से रिटायर हुए धनी सिंह व 30 अप्रैल को 2025 को कानूनगो के पद से रिटायर हुए विजय कांत शामिल हैं। रिटायरमैंट के बाद नायब तहसीलदार बने विजय कांत ने कहा कि यदि सरकार इस पदोन्नति के साथ वित्तीय लाभ प्रदान करे तो अच्छा रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News