Solan: पुलिस ने सुलझाए चोरी के दाे मामले, 6 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 06:31 PM (IST)
सोलन: सोलन पुलिस ने चोरी के दो मामलों काे झुलझाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले मामले में पुलिस ने करीब 10 लाख रुपए की चोरी में संलिप्त 3 आरोपियों को दबोचा है, वहीं एक वाहन और बाइक भी जब्त की है। बता दें कि परवाणू निवासी शुभम ने पुलिस थाना परवाणू में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका सैक्टर-1 स्थित परचून की दुकान के पास एफएमसीजी सामान का गोदाम है। वह निजी कार्य से बाहर गए हुए थे और गोदाम बंद था। 11 जून को देखा कि गोदाम के लोहे के स्लाइडर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा काफी सामान चोरी हो चुका था। गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सामने आया कि 9 जून की रात वाहन संख्या (पीबी 11बी.के-3982) (छोटा हाथी) में सवार 2 व्यक्तियों तथा 3 अन्य पैदल आए लोगों ने गोदाम का ताला तोड़कर सामान वाहन में डाला और फरार हो गए।
चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों और वारदात में प्रयुक्त वाहन की पहचान की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों सूरजभान (30) निवासी जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश, दीपक (24) निवासी जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा तथा राजेंद्र पाल (48) निवासी सैक्टर-10, पंचकूला, हरियाणा को गिरफ्तार किया। एसपी सोलन तिरुमला एसडी वार्मा ने बताया कि आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
वहीं दूसरे चोरी के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी साईं दत्तातरे वार्मा ने बताया कि पुलिस थाना सदर में दीप राम जोकि एयरटैल कंपनी में बतौर तकनीशियन कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गांव धुराना डाकघर दामकड़ी स्थित जियो टावर से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। जब शिमला से उक्त टावर के बंद होने की सूचना प्राप्त होने पर वह मौके पर पहुंचा तो डीजल जैनरेटर के दरवाजे एवं ताले टूटे हुए पाए गए। निरीक्षण करने पर डीजी से अल्टनेटर, सैल्फ स्टाटर मोटर, डीसी अल्टरनेटर तथा अन्य सामान गायब था।
चोरी की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 75,000 रुपए आंकी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त 3 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, विनोद तथा पवन कुमार के रूप में हुई है। इनसे पूछताछ की जा रही है। जांच चल रही है।

