जरा बचके, सोलन-परवाणु फोरलेन पर सफर करना हुअा रिस्की

Thursday, Oct 04, 2018 - 02:08 PM (IST)

सोलन  : सोलन से परवाणु के बीच राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर इन दिनों सफर अत्यंत खतरनाक हो चुका है। मार्ग के बड़े-बड़े हिस्से कई जगह पर अपना नामोनिशान खो चुके हैं, जिससे फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी के कार्य पर भी सवालिया निशान उठने लगे हैं। फोरलेन कई जगहों से टूट चुका है और ऊपर से खिसक रही पहाडिय़ों के कारण एक लेन पहले ही बंद पड़ी है। सोलन के समीप पंचायत में हाल ही में सड़क का एक बहुत बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे खड्ड की ओर धंस गया है।

इसके बाद लोग यहां से गुजरते हुए भी डर रहे हैं। इससे पहले ऐसा ही मामला चक्की मोड़ के समीप सामने आया था। यहां भी कुछ समय पहले बनी फोरलेन सड़क का एक बड़ा हिस्सा नाले में गिर गया लेकिन गनीमत रही कि अभी तक इनमें कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। फोरलेन के लिए लगाए गए बड़े-बड़े डंगे भरभरा कर गिर रहे हैं। इससे पहले पिछले वर्ष भी बरसात के दौरान दर्जनों स्थानों पर डंगे गिर गए थे। हैरानी की बात है कि फोरलेन के लिए लगाए जा रहे डंगे एक बरसात भी नहीं झेल पा रहे हैं। इस मार्ग पर विदेशी तकनीक से भी डंगे लगाए गए हैं लेकिन उनके भी धंसने से यह तकनीक फेल हो गई है।

kirti