सोलन की बेटी श्रुति का कमाल, - 24 डिग्री तापमान में नंगे पैर कथक कर बनाया रिकॉर्ड (PICS)

Friday, Jun 29, 2018 - 04:13 PM (IST)

सोलन: हिमाचल की बेटियां कदम दर कदम नई उपलब्धियां हासिल कर देश-प्रदेश के युवाओं के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया भर में मिसाल बन रही हैं। उन्हीं में से एक है सोलन की प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना श्रुति गुप्ता। जिसने हिमालय की चोटियों पर जहां सांस लेना भी मुश्किल होता है वहां 16 जून को माइनस 24 डिग्री तापमान में नंगे पैर कथक कर विश्व रिकॉर्ड बनाकर सभी को हैरान कर दिया है। 


लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में बनाई जगह 
खास बात यह है कि श्रुति ने तीसरी बार हिमाचल का नाम रौशन किया है। जिसके चलते उसको लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान दिया गया है। सोलन जिला के चंबाघाट में 15 अगस्त 1987 को जन्मीं श्रुति गुप्ता अपने साहसिक कार्यों के लिए चर्चा में रहती हैं। श्रुति अपने इस अभियान में लोगों को पर्यावरण के प्रति नृत्य के माध्यम से जागरूक  कर रही है। इससे पहले भी उन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है। 


इन जगहों पर नृत्य कर बनाया विश्व रिकॉर्ड 
श्रुति ने सबसे पहले 13050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रे पर जल संरक्षण, बारालाचा दर्रे पर 16040 फीट की ऊंचाई पर वायु प्रदूषण, नाकिला दर्रा 15547 फीट की ऊंचाई पर भूमि संरक्षण, लांचूगला दर्रा 16616 फीट की उंचाई पर नेचर सेलिब्रेशन और अंत में 17582 फीट की ऊंचाई पर तांगलांग पास में भारतीय जवानों को नृत्य से नमन किया। 


प्रधानमंत्री भी कर चुके हैं सम्मानित
पहली बार बारालाचा दर्रे पर ही 18 अक्टूबर 2015 को माइनस चार डिग्री सेल्सियस के तापमान में कथक कर लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया था। दूसरी बार माइनस 24 डिग्री सेल्सियस तापमान में 27 अक्टूबर 2016 को कथक कर नाम दर्ज करवाया था। श्रुति को देश के प्रधानमंत्री भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित कर चुके हैं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यपाल और पूर्व मंत्री से भी वह सम्मान पत्र ले चुकी हैं।

Ekta