Solan News : जिला स्तरीय शिक्षुता समिति की बैठक आयोजित, युवाओं के कौशल विकास पर जोर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:45 PM (IST)
Solan News : उपायुक्त एवं ज़िला स्तरीय शिक्षुता समिति के अध्यक्ष सोलन मनमोहन शर्मा ने आज यहां वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ज़िला स्तरीय शिक्षुता समिति की बैठक की अध्यक्षता की। मनमोहन शर्मा ने कहा कि बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (एनएपीएस) के कार्यान्वयन को सुदृढ़ करना और सोलन ज़िला में शिक्षुता के अवसरों को और अधिक बढ़ाना है।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षुता प्रशिक्षण में उद्योगों की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कि कौशल विकास, रोज़गार क्षमता बढ़ाने और उद्योगों की कार्यबल आवश्यकताओं को पूरा करने में शिक्षुता प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और औद्योगिक प्रतिनिधियों को सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों और प्रशिक्षण संस्थानों के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने को कहा। मनमोहन शर्मा ने शिक्षुता प्रशिक्षण के तहत प्रतिष्ठानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और ज़िला में योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए विभागों, प्रशिक्षण संस्थानों और उद्योगों को बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन की प्रधानाचार्य एवं जिला स्तरीय शिक्षुता समिति के सदस्य सचिव नवीन कुमारी ने इस अवसर पर शिक्षुता अधिनियम, 1961 व वर्तमान शिक्षुता स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में ज़िला में सक्रिय और निष्क्रिय प्रतिष्ठानों की स्थिति, शिक्षुता अनुबंधों से संबंधित मुद्दे और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति सहित विभिन्न मदों पर विस्तृत चर्चा की गई।

