स्पोर्ट्स होस्टल माजरा व बघाट की टीम बनी हॉकी चैम्पियन

Monday, Aug 29, 2022 - 11:13 PM (IST)

सोलन: सोलन में चल रही राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में महिला वर्ग के फाइनल मैच में स्पोर्ट्स होस्टल माजरा ने बालासुंदरी सिरमौर को 3-1 से हराकर खिताब जीता। पुरुष वर्ग में बघाट ने 2-0 से सिरमौर को हराकर खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल रहे जबकि शिवालिक बायोमैटल कंपनी के एम.डी. एन.एस. घुमन विशेष तिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार के साथ सम्मानित किया। महिला और पुरुष वर्ग की विजेता टीमों को 21-21 और उपविजेताओं को 11-11 हजार की नकदी व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। क्लब के प्रधान एस.पी. जगोता ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 17 टीमों के 250 से अधिक खिलाडिय़ों ने भाग लिया।

इस मौके पर डा. राजीव सहजल ने कहा कि खेेलें युवाओं को नशे से दूर रखने का सहज एवं सुलभ साधन हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलने पर ही वास्तविक आनंद की अनुभूति होती है। खेलों से हमारे भीतर नेतृत्व क्षमता व टीम भावना का विकास होता है। युवाओं के मानसिक व शारीरिक विकास में भी खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। डा. सहजल ने कहा कि आज के दिवस को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हॉकी के विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी स्व. मेजर ध्यान चंद की स्मृति में यह दिवस आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि स्व. मेजर ध्यान चंद को हॉकी का जादूगर कहा जाता है और उनके जन्मदिवस पर हॉकी खेल प्रतियोगिता का समापन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने हॉकी क्लब सोलन को अपनी ऐच्छिक निधि से 50 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

Content Writer

Kuldeep