कोरोना पॉजीटिव तीनों जमाती निगम की 2 बसों में पहुंचे थे नालागढ़

Monday, Apr 06, 2020 - 10:37 PM (IST)

सोलन (पाल): नालागढ़ के कोरोना पॉजीटिव तीनों जमाती हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की 2 बसों में नालागढ़ पहुंचे थे। इससे बस में सफर कर रहे आम यात्री भी संकट में आ गए हैं। प्रशासन अब यह पता करने में जुट गया है कि बस में कितने यात्री उनके संपर्क में आए हैं ताकि उन्हें क्वारंटाइन किया जा सके। इसके अलावा यह भी पता किया जा रहा है कि इन 2 बसों में उनके साथ और कितने जमाती आए थे। पुलिस ने 31 मार्च को नालागढ़ की मरकज से करीब 43 जमातियों को क्वारंटाइन किया था। यह पता चल गया है कि ये तीनों जमाती अलग-अलग दिनों में 2 बसों में यहां पहुंचे थे। 2 जमाती एक बस में साथ आए जबकि एक अलग बस में नालागढ़ आया था। ये दोनों बसें नालागढ़ डिपो की थीं। प्रशासन को सुहैल के 18 मार्च को नालागढ़ पहुंचने की सूचना मिली थी। इससे लग रहा है कि अन्य 2 जमाती 19 मार्च को परिवहन निगम की बस में नालागढ़ पहुंचे थे। नालागढ़ पहुंचे अन्य जमाती भी इनके साथ ही आए थे, अभी यह खुलासा नहीं हुआ है। यह तो स्पष्ट हो गया है कि नालागढ़ मरकज में कुछ दिन रुकने के बाद ये आसपास की मस्जिदों में घूमना शुरू हो गए थे। इसके कारण कई लोग इनके संपर्क में भी आए थे।

दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच नालागढ़ पहुंची थी

सूत्रों का कहना है कि सुहैल (17) 18 मार्च को जिस बस में आया वह बस (नं. एच.पी.93-0564) दिल्ली से नालागढ़ के लिए सुबह 7:30 बजे निकली थी और दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच नालागढ़ पहुंची थी। इसके बाद वह नालागढ़ स्थित मरकज चला गया। वह वहां पर 3 दिन रुकने के बाद पलासड़ा मस्जिद गया था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नामिद अली (55) व मुहम्मद शाहिद (17) 19 मार्च को दिल्ली से हमीरपुर वाया नालागढ़-बिलासपुर बस में सुबह करीब साढ़े 4 बजे पहुंचे थे। दिल्ली से बस (नं. एच.पी. 12-0446) 18 मार्च को रात करीब 9:30 बजे चली थी। नामिद अली नालागढ़ मरकज में 2 दिनों तक रुका और इसके बाद नंगल मस्जिद में गया। इसी तरह मुहम्मद शाहिद नालागढ़ मस्जिद में 3-4 दिन रुकने के बाद पलासड़ा व नंगल मस्जिद चला गया था। बताया जा रहा है कि इन जमातियों ने बस में प्रसाद के नाम पर यात्रियों को पेठे की मिठाई भी बांटी थी जिसे कुछ यात्रियों ने खा लिया था और कुछ ने नहीं खाया था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह खुलासा होने के बाद प्रशासन उन यात्रियों का पता करने में जुट गया है जो उनके संपर्क में आए थे। ये तीनों जमाती उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं जो दिल्ली में निजामुद्दीन में आयोजित तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद 18 मार्च को दिल्ली से नालागढ़ स्थित मरकज आए थे। एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने बताया कि कोरोना पॉजीटिव तीनों जमाती एचआरटीसी की 2 बसों में 18 व 19 मार्च को नालागढ़ पहुंचे थे। इनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है।

नालागढ़ में 87 लोग किए क्वारंटाइन

नालागढ़ में 3 जमाती कोरोना पॉजीटिव आने के बाद प्रशासन ने उन लोगों को क्वारंटाइन करना शुरू कर दिया है जो उनके संपर्क में आए थे। इसके लिए प्रशासन ने बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाया हुआ है। इस बात का खुलासा हो चुका है कि ये तीनों जमाती मरकज में रुकने के बाद नालागढ़ उपमंडल की पलासड़ा व नंगल मस्जिद में गए थे। वहां पर कई लोग उनके संपर्क में भी आए थे। पुलिस ने पिछले 24 घंटे से चलाए अभियान के दौरान करीब 87 लोगों को क्वारंटाइन किया। बीबीएन में अब तक क्वारंटाइन किए गए लोगों की संख्या 329 हो गई है।

40 जमाती लेबर होस्टल से कालेज शिफ्ट

नालागढ़ में लेबर होस्टल में क्वारंटाइन किए गए करीब 40 जमातियों को अब नालागढ़ कालेज में शिफ्ट किया गया है। लेबर होस्टल के आसपास रिहायशी क्षेत्र है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। बताया जा रहा है कि इन लोगों के सैंपल ले लिए गए हैं और उनकी रिपोर्ट नैगेटिव है। इसलिए इन जमातियों को औरों से अलग करने के लिए शिफ्ट किया गया। लेबर होस्टल में अब नए लोगों को क्वारंटाइन किया जा रहा है।

Kuldeep