जिला सोलन में BPL के 7 सर्वे पूरे, 2670 परिवारों का चयन
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 11:11 AM (IST)
सोलन (पाल): जिला सोलन में बीपीएल के 7वें सर्वे में केवल 235 परिवारों का चयन हुआ है। जिला सोलन में बीपीएल परिवारों के चयन के लिए 7 सर्वे पूरे हो गए हैं। जिले में अभी तक कुल 2670 बीपीएल परिवारों का चयन किया गया है। 7वें सर्वे में मनरेगा में 5 दिन या इससे अधिक दिन तक मजदूरी करने वाले परिवारों का चयन किया गया है।
मजेदार बात यह है कि मार्च 2025 में बीपीएल परिवारों के चयन के लिए सर्वे शुरू हुआ था। जिला सोलन में करीब 10,746 परिवारों ने बीपीएल में चयन के लिए आवेदन किया था। इसकी नियम व शर्तें कड़ी थीं। यही कारण रहा कि पहले सर्वे में जिला सोलन में 10,746 में से केवल 619 परिवारों का ही चयन हुआ। दूसरे सर्वे में 637 और परिवारों का चयन हुआ। तीसरे सर्वे में 327 तथा चौथे सर्वे में 216 परिवारों का चयन किया गया। 5वें सर्वे में भी केवल 282 परिवारों का चयन हुआ। छठे सर्वे में 354 तथा 7वें सर्वे में 235 बीपीएल परिवारों का चयन हुआ।
इस बार बीपीएल के चयन के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में ब्लाॅक स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। इसमें बीडीओ के साथ-साथ पंचायत निरीक्षक भी कमेटी के सदस्य हैं। पहले पंचायत ग्राम सभा की बैठक में बीपीएल का चयन करती थी। सोलन जिले में कुल पंचायतों की संख्या अब 255 हो गई है, लेकिन अभी यह चयन 240 पंचायतों के आधार पर ही हो रहा है।
7वें सर्वे में नालागढ़ विकास खंड की 72 पंचायतों में 113, कुनिहार विकास खंड की 56 पंचायतों में 30, सोलन की 37 ग्राम पंचायतों में 6, पट्टा की 25 पंचायतों में 1, धर्मपुर की 24 पंचायतों में 13 तथा कंडाघाट की 26 पंचायतों में 72 परिवारों का बीपीएल चयन हुआ। जिला विकास अधिकारी ग्रामीण विकास सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि जिला सोलन में 7 सर्वे पूरे होने के बाद कुल 2670 बीपीएल परिवारों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार बार-बार इसलिए सर्वे कर रही है, ताकि कोई भी गरीब परिवार बीपीएल से न छूटे।

