डा. सुनील ठाकुर ए.बी.वी.पी. के प्रांत अध्यक्ष और आकाश नेगी बने प्रांत मंत्री

Monday, Oct 03, 2022 - 10:33 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने कहा कि देश में सभी बड़े आंदोलन अखिल भारतीय विद्यार्थी (ए.बी.वी.पी.) ने किए हैं। उन्होंने कहा कि ये आंदोलन समाज हित के लिए हमेशा काम आए हैं। उन्होंने सोलन के पुलिस मैदान में आयोजित ए.बी.वी.पी. के 43वें प्रांत अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के व्यवसायीकरण के खिलाफ ए.बी.वी.पी. ने देशभर में झंडा बुलंद किया है। विद्यार्थी परिषद ही सही मायने में छात्रों के हितों की रक्षा करने के लिए काम कर रही है। इस अधिवेशन के दूसरे दिन कई सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यकत्र्ताओं द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

अधिवेशन के दूसरे दिन विद्यार्थी परिषद की पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन करने की घोषणा की गई। केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के प्राध्यापक डाक्टर सुनील ठाकुर को प्रांत अध्यक्ष व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र आकाश नेगी को प्रांत मंत्री चुना गया। इस दौरान प्रांत छात्रा प्रमुख डा. सीमा ठाकुर बतौर चुनाव अधिकारी उपस्थित रहीं।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि प्रफुल्ल आकांत जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारत के गौरवमयी इतिहास की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत आजादी के 75 वर्ष मना रहा है और इस समय हम सबका लक्ष्य भारत को आत्मनिर्भर बनाना होना चाहिए जिसमें युवाओं की भूमिका अहम है।
 उद्घाटन सत्र के बाद रैली का आयोजन किया गया जिसमें सभी जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यह रैली पुलिस ग्राऊंड सोलन से ओल्ड बस स्टैंड तक निकाली गई जहां पर परिषद द्वारा खुले अधिवेशन का आयोजन किया गया। खुले अधिवेशन में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विषयों को लेकर अपने-अपने वक्तव्य रखे। पुलिस लाइन के मैदान में यह अधिवेशन 4 अक्तूबर तक चलेगा। अधिवेशन में प्रदेश भर के 800 से अधिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

Content Writer

Kuldeep