सोलन में सनसनी! होटल के कमरे में मृत मिला बिहार का 27 वर्षीय युवक; कंपनी का ऑडिट करने आया था
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 01:38 PM (IST)
Solan News : सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत किशनपुरा स्थित एक होटल में ठहरे 27 वर्षीय युवक की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान प्रत्यूष (27), पुत्र रविंद्र, निवासी गांव दुधवाल, जिला समस्तीपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
ऑडिट कार्य के लिए आया था बद्दी
जानकारी के अनुसार, प्रत्यूष अपनी कंपनी के एक अन्य सहयोगी के साथ आधिकारिक ऑडिट कार्य के सिलसिले में बद्दी आया हुआ था। वे दोनों पिछले चार दिनों से किशनपुरा के एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। सोमवार रात को दोनों ने साथ में खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए।मंगलवार सुबह जब काफी देर तक प्रत्यूष नहीं उठा, तो उसके साथी ने उसे जगाने का प्रयास किया। प्रत्यूष को बेसुध हालत में देख साथी कर्मचारी ने तुरंत कंपनी अधिकारियों को इसकी सूचना दी। आनन-फानन में उसे नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मानपुरा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने होटल के रिकॉर्ड खंगाले और उस कमरे का सूक्ष्म निरीक्षण किया, जहां युवक ठहरा हुआ था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इतनी कम उम्र में प्रत्यूष की मौत हृदय गति रुकने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। मानपुरा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो पाएगा।

