Watch Video: सोशल मीडिया पर लड़ी जाएगी 2017 की जंग

Thursday, Dec 08, 2016 - 09:25 AM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): हिमाचल में आगामी विधानसभा चुनावों में जहां नेताओं के बोल काम करेंगे तो वहीं इन चुनावों में सियासी दल बढ़-चढ़ कर सोशल मीडिया का सहारा लेंगे। भाजपा के बाद अब कांग्रेस भी जोरों-शोरों से चलने वाले सोशल मीडिया पर राज्य की अपनी सरकार के कामकाज को चमकाने के अलावा युवाओं को कांग्रेस के साथ जोड़ने की कवायद का आगाज कर चुकी है। 


इस बाबत कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एच.पी.सी.सी. अध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोशल मीडिया की पहली कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें प्रदेश और जिला स्तरीय सोशल मीडिया सदस्यों को ए.आई.सी.सी. के सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स द्वारा टिप्स दिए गए। पार्टी का दावा है कि सोशल मीडिया पर अपनी पूरी बात और विश्लेषण को स्वतंत्रता के साथ जा सकता है लिहाजा चुनावों में प्रचार के लिए इससे बेहतर तरीका कोई और नहीं हो सकता।


उधर, भाजपा ने कांग्रेस के इस कदम पर चुटकी लेते हुए हुए कहा है कि सोशल मीडिया का कांग्रेस तब सहारा ले जब उसके पास राज्य की वीरभद्र सरकार के किसी एक भी विकास कार्य का आंकडा हो। भाजपा का कहना है कि अब तक के कार्यकाल में राज्य में सभी विकास कार्य ठप हो चुके हैं। राज्य में माफिया राज है, लोग परेशान हैं तो आखिर कांग्रेस सोशल मीडिया में किस प्रचार की बात कर रही है।