रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात शुरू, बर्फ के फाहों के बीच सैलानियों ने की मस्ती

Tuesday, Apr 30, 2019 - 04:21 PM (IST)

मनाली: लाहौल व मनाली को जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे पर बर्फ बारी का क्रम शुरू हो गया है। मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और रोहतांग सहित मनाली व लाहौल की ऊंची चोटियों में बर्फबारी शुरू हो गई। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में बर्फबारी से बी.आर.ओ. की मनाली-लेह मार्ग बहाली भी प्रभावित हो गई है। मंगलवार को गुलाबा की ओर गए सैलानियों ने आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहों का आनंद लिया। सुबह के समय मनाली की ओर से 60 लोगों ने रोहतांग दर्रा पार कर लाहौल का रुख किया। मंगलवार को वाहन रोहतांग दर्रे के क्रशर मोड़ पर पहुंच गए, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली। सुबह बर्फबारी शुरू होने से पहले ही इन लोगों ने रोहतांग दर्रे को पार कर लिया था।

मनाली-लेह मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य जोरों पर

लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग के आसपास के क्षेत्रों में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। बी.आर.ओ. के लिए रोहतांग बहाली दर्रे के दोनों ओर से लगभग 25 किलोमीटर शेष रह गई है। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा दर्रे में सुबह से हिमपात हो रहा है। उन्होंने बताया कि मनाली-लेह मार्ग से बर्फ  हटाने का कार्य निरंतर जारी है।

Vijay